फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

वार्नर-कमिंस की गैरमौजूदगी का फायदा उठाना चाहेगी टीम इंडिया, आखिरी वनडे आज

Wed, 02 Dec 2020 06:09 AM IST
Rajeev Rai स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, कैनबेरा
विज्ञापन
भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विराट कोहली की कप्तानी में टीम इंडिया लगातार छह मुकाबले और दो सीरीज गंवा चुकी है। न्यूजीलैंड में 3-0 से सीरीज गंवाने के बाद अब टीम इंडिया ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भी 2-0 से पिछड़ चुकी है। टीम की गेंदबाजी लगातार फिसड्डी साबित हो रही है तो फील्डर भी एक के बाद एक कैच टपका रहे हैं। प्रमुख बल्लेबाज भी फॉर्म से जूझते नजर आ रहे हैं। ऐसे में पहले दो मैचों में एकतरफा हार के बाद भारतीय टीम द्वारा बुधवार को यहां ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे और अंतिम एकदिवसीय मैच में गेंदबाजी आक्रमण में बदलाव करना लगभग तय है जिससे कि लगातार दूसरी श्रृंखला में क्लीन स्वीप से बचा जा सके। कप्तान कोहली पहले ही स्वीकार कर चुके हैं कि ऑस्ट्रेलिया ने पहले दो मैचों में उन्हें पूरी तरह से पछाड़ दिया और उम्मीद है कि जीत की तलाश में भारत कुछ बदलाव करेगा।

विज्ञापन
Trending Videos

भारतीय गेंदबाजी आक्रमण बना सिरदर्द 
मौजूदा श्रृंखला में भारतीय गेंदबाज बिलकुल भी लय में नजर नहीं आ रहे हैं और उनके खिलाफ पहले दो मैचों में 69 चौके और 19 छक्के लगे हैं। पहली बार ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर आए भारत के सबसे तेज गेंदबाज नवदीप सैनी अब तक सटीक लाइन और लेंथ से गेंदबाजी करने में नाकाम रहे हैं और मेजबान टीम के बल्लेबाजों ने उनके खिलाफ आसानी से रन जुटाए हैं। दूसरे वनडे में सैनी के सात ओवर में 70 रन लुटाने के बाद कोहली को हार्दिक पांड्या और मयंक अग्रवाल जैसे गेंदबाजों से उनका स्पैल पूरा कराना पड़ा। पांड्या गेंदबाजी करने के लिए पूरी तरह से फिट नहीं हैं जबकि अग्रवाल आम तौर पर गेंदबाजी नहीं करते। वहीं टीम के स्पिन गेंदबाज युजवेंद्र चहल भी कोई कमाल नहीं दिखा पा रहे हैं। उन्होंने भी दो मैचों में 19 ओवर किए हैं 150 से अधिक रन लुटाए हैं। 

तीसरे मैच में गेंदबाजी में हो सकते हैं बदलाव 
तीसरे और अंतिम वनडे में अगर शार्दुल ठाकुर या बाएं हाथ के तेज गेंदबाज टी नटराजन को मौका मिलता है तो हैरानी नहीं होगी। शार्दुल को 27 अंतरराष्ट्रीय मैचों का अनुभव है जबकि नटराजन को यॉर्कर फेंकने में महारत हासिल है। कोहली अगर टेस्ट श्रृंखला से पहले जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद शमी दोनों को आराम देने का फैसला करते हैं तो शार्दुल और नटराजन दोनों को खेलने का मौका मिल सकता है।

स्मिथ और मैक्सवेल बड़ी चुनौती  
भारतीय गेंदबाजों के लिए सबसे बड़ा सिरदर्द ऑस्ट्रेलिया के स्टार बल्लेबाज स्टीव स्मिथ बने हुए हैं जिन्होंने लगातार दो मैचों में 62 गेंद में शतक जड़े। इंडियन प्रीमियर लीग में नाकाम रहे ग्लेन मैक्सवेल ने भी अपनी तूफानी बल्लेबाजी से अंतर पैदा किया है जिससे ऑस्ट्रेलिया की टीम अंतिम ओवरों में ताबड़तोड़ रन बटोरने में सफल रही है। भारत की 66 और 51 रन की हार को देखते हुए उनकी पारियां अहम हो जाती हैं।

वार्नर चोटिल तो कमिंस को आराम
दूसरे वनडे में घायल होने की वजह से टीम के स्टार सलामी बल्लेबाज डेविड वार्नर आखिरी वनडे, टी-20 सीरीज से बाहर हो गए हैं, वहीं तेज गेंदबाज पैट कमिंस को इस मुकाबले में आराम दिया जाएगा। इन दोनों खिलाड़ियों की गैरमौजूदगी से ऑस्ट्रेलियाई टीम का समीकरण बिगड़ सकता है।
विज्ञापन

टीमें इस प्रकार हैं:
भारत
: विराट कोहली (कप्तान), शिखर धवन, शुभमन गिल, लोकेश राहुल, श्रेयस अय्यर, मनीष पांडे, हार्दिक पांड्या, मयंक अग्रवाल, रविंद्र जडेजा, युजवेंद्र चहल, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी, नवदीप सैनी, शार्दुल ठाकुर और टी नटराजन।

ऑस्ट्रेलिया: आरोन फिंच (कप्तान), डार्सी शॉर्ट, स्टीव स्मिथ, मार्नस लाबुशेन, ग्लेन मैक्सवेल, एलेक्स केरी, मिशेल स्टार्क, एडम जम्पा, जोश हेजलवुड, सीन एबट, एश्टन एगर, कैमरन ग्रीन, मोइजेस हेनरिक्स, एंड्रयू टाय, डेनियल सैम्स और मैथ्यू वेड।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें