ऑस्ट्रेलिया ओर इंग्लैंड के बीच एडिलेड में खेले जा रहे डे/नाइट टेस्ट मैच में कंगारू बल्लेबाज मार्नस लाबुशेन ने अपने नाम नई उपलब्धि हासिल की। इस मुकाबले में उन्होंने शतकीय पारी खेलते हुए 103 रन बनाए। पहले दिन 95 रनों पर नाबाद रहने वाले लाबुशेन ने दूसरे दिन शतक पूरा करने में सफलता हासिल की। उन्होंने इंग्लैंड के गेंदबाज जेम्स एंडरसन की गेंद पर चौका लगाकर शतक पूरा किया। ओवर ऑल टेस्ट क्रिकेट में अगर देखा जाए तो मार्नस का यह छठा शतक है। वहीं डे/नाइट टेस्ट मैच की बात की जाए तो यह उनका तीसरा शतक है। अब लाबुशेन डे/नाइट टेस्ट में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए हैं।
लाबुशेन ने तोड़ा असद शफीक का रिकॉर्ड
मार्नस लाबुशेन ने अपनी इस शतकीय पारी के दौरान पाकिस्तान के टेस्ट बल्लेबाज असद शफीक के रिकॉर्ड को तोड़ दिया। लाबुशेन से पहले शफीक ने दिन-रात के टेस्ट मैच में सबसे ज्यादा दो शतक लगाए थे। लेकिन एडिलेड डे/नाइट टेस्ट में मार्नस ने तीसरा शतक लगाकर शफीक को पीछे छोड़ दिया। हालांकि कंगारू बल्लेबाज अपनी इस पारी को ज्यादा आगे नहीं ले जा सके और वह 305 गेदों पर 103 रन बनकार ओली रॉबिंसन की गेंद पर आउट हुए।
ऑस्ट्रेलिया के शुरुआती झटके से उबारा
मार्नस लाबुशेन उस समय बल्लेबाजी करने आए जब कंगारू टीम का पहला विकेट महज 4 रनों पर गिर गया था। सलामी बल्लेबाज मार्कस हैरिस 3 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद उन्होंने डेविड वार्नर के साथ 172 रनों की साझेदारी कर टीम को संकट से उबारा। वार्नर 95 रन बनाकर आउट हुए। दोनों देशों के बीच खेली जा रही पांच टेस्ट मैचों की एशेज सीरीज में ऑस्ट्रेलिया ब्रिस्बेन टेस्ट जीतकर श्रृंखला में 1-0 से आगे है।