टिम पेन के कप्तानी से हटने के बाद ऑस्ट्रेलिया के नए कप्तान पैट कमिंस ने अपने पहले मैच में शानदार प्रदर्शन किया है। इस मैच में उन्होंने कई रिकॉर्ड अपने नाम किए और रिची बिनॉड का 63 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। इस मैच में कमिंस ने 89 रन देकर सात विकेट अपने नाम किए। किसी भी ऑस्ट्रेलियाई कप्तान का पहले मैच में यह सबसे बेहतरीन प्रदर्शन था। उनसे पहले रिची बिनॉड ने 112 रन देकर सात विकेट अपने नाम किए थे। उन्होंने 1958 में यह कारनामा किया था। उनके बाद पैट कमिंस ने उनसे बेहतर प्रदर्शन किया है।
इस मैच की पहली पारी में कमिंस ने 38 रन देकर पांच विकेट अपने नाम किए थे। वो ऑस्ट्रेलिया के दूसरे कप्तान हैं, जिन्होंने एशेज सीरीज में कप्तानी डेब्यू करते हुए पांच विकेट अपने नाम किए। उनसे पहले आखिरी बार ऑस्ट्रेलियाई कप्तान बॉब विलिस ने 1982 में एशेज में पांच विकेट लेने का रिकॉर्ड बनाया था। कमिंस ने इसके अलावा एक और उपलब्धि अपने नाम की। कमिंस ऑस्ट्रेलिया के दूसरे खिलाड़ी हैं, जिन्होंने बतौर कप्तान अपने पहले मैच में पांच विकेट लिए हैं। उनसे पहले जॉर्ज गिफिन ने 1894 में 155 रन देकर छह विकेट लिए थे।
कमिंस टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में 14वें ऐसे क्रिकेटर हैं, जिसने बतौर कप्तान डेब्यू मैच में पांच विकेट अपने नाम किए। उनके पहले अफगानिस्तान के स्पिनर राशिद खान ने आखिरी बार यह कमाल किया था।
ऑस्ट्रेलिया ने सीरीज में 1-0 की बढ़त ली
ब्रिस्बेन में खेले गए एशेज सीरीज के पहले टेस्ट मैच में इंग्लैंड को शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा। ऑस्ट्रेलिया ने मुकाबले में इंग्लिश टीम को नौ विकेट से शिकस्त दी। इस जीत के साथ कंगारू टीम ने पांच टेस्ट मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली। टेस्ट मैच के चौथे दिन इंग्लैंड की पूरी टीम 297 रन बनाकर आउट हो गई। ऑस्ट्रेलिया को सिर्फ 20 रनों का टारगेट मिला। जो उसने एक विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया। एलेक्स कैरी नौ रन बनाकर आउट हुए। कंगारू टीम ने अपनी पहली पारी में 425 रन बनाए थे। वहीं, इंग्लैंड अपनी पहली पारी में 147 और दूसरी पारी में 297 रन बना पाया था।