फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दूसरा वनडे: टॉम बैंटन का तूफानी शतक, ऑस्ट्रेलिया को रौंदकर इंग्लैंड ने बराबर की सीरीज; कब होगा निर्णायक मैच?

Sun, 15 Nov 2026 06:11 PM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, एडिलेड

सार

ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज 1-1 की बराबरी पर पहुंच गई है। इंग्लैंड ने एडिलेड में खेला गया दूसरा मुकाबला अपने नाम कर लिया है। अब दोनों टीमों के बीच तीसरे वनडे से सीरीज का फैसला होगा।
विज्ञापन
ऑस्ट्रेलिया बनाम इंग्लैंड - फोटो : IANS
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ रविवार को एडिलेड ओवल में खेले गए सीरीज के दूसरे वनडे मुकाबले को 135 रनों से अपने नाम किया। इस मैच में इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाज टॉम बैंटन ने 121 रनों की तूफानी पारी खेली। जीत के साथ मेहमान टीम तीन मुकाबलों की सीरीज में 1-1 से बराबरी पर आ गई है। ऑस्ट्रेलिया ने पर्थ में खेले गए सीरीज के पहले मैच को सात विकेट से जीता था। अब सीरीज का तीसरा और निर्णायक मैच होबार्ट में 18 नवंबर को खेला जाएगा, जिसमें सीरीज के विजेता का फैसला होगा। इसके बाद दोनों देश 21 नवंबर से दो दिसंबर के बीच पांच मुकाबलों की टी20 सीरीज खेलेंगे।
विज्ञापन
Trending Videos

ग्रीन-रेनेशॉ भी नहीं दिला सके जीत 
लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलियाई टीम 44.3 ओवरों में महज 220 रन पर सिमट गई। इस टीम ने 13 के स्कोर पर ट्रेविस हेड (7), कूपर कोनोली (0) और कप्तान मिचेल मार्श (2) के विकेट गंवाए, जिसके बाद 29 रन तक जोश इंगलिस (3) भी पवेलियन लौट गए। यहां से कैमरन ग्रीन ने मैट रेनेशॉ के साथ पांचवें विकेट के लिए 98 रन की साझेदारी की, जबकि जैक एडवर्ड्स (17) के साथ छठे विकेट के लिए 42 रन जोड़े, लेकिन टीम को जीत के करीब लेकर नहीं जा सके। रेनेशॉ 6 चौकों के साथ 63 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, ग्रीन ने 2 छक्कों के साथ 64 रन बनाए। विपक्षी खेमे से गस एटकिंसन ने 28 रन देकर सर्वाधिक 4 विकेट झटके, जबकि लियाम डॉसन और सैम करन को 2-2 विकेट हाथ लगे। 
विज्ञापन

इंग्लैंड की पारी कैसी रही
एडिलेड में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड ने छह विकेट खोकर 355 रन बनाए। इस टीम ने महज 19 के स्कोर पर बेन डकेट (9) का विकेट गंवा दिया था, जिसके बाद सलामी बल्लेबाज टॉम बैंटन ने जो रूट (62) के साथ दूसरे विकेट के लिए 137 रन की साझेदारी करते हुए टीम को संभाला। जो रूट के रूप में इंग्लैंड को 156 के स्कोर पर दूसरा झटका लगा, जिसके बाद बैंटन ने छोटी-छोटी साझेदारियां करते हुए टीम को 212 रन तक पहुंचाया। बैंटन 99 गेंदों में 121 रन बनाकर आउट हुए। उनकी इस पारी में 4 छक्के और 12 चौके शामिल रहे।

इसके बाद विल जैक्स ने मोर्चा संभाला, जिन्होंने जॉर्डन कॉक्स के साथ पांचवें विकेट के लिए 70 गेंदों में 102 रन जोड़कर टीम को 300 के पार पहुंचा दिया। कॉक्स 7 बाउंड्री के साथ 67 रन बनाकर आउट हुए, जबकि विल जैक्स ने 1 छक्के और 4 चौकों के साथ 54 रन की नाबाद पारी खेली। विपक्षी खेमे से जैवियर बार्टलेट ने सर्वाधिक 3 विकेट झटके, जबकि स्पेंसर जॉनसन, राइली मेरेडिथ और कूपर कोनोली ने 1-1 विकेट चटकाया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें