असम ने अपने गेंदबाजों के दमदार प्रदर्शन की बदौलत रणजी चैंपियन मुंबई की टीम को 27 रन से शिकस्त देते हुए विजय हजारे ट्रॉफी वन-डे टूर्नामेंट के सेमीफइनल में प्रवेश किया।
असम ने 47.4 ओवर में 178 रन बनाए। जवाब में मुंबई की टीम 46.5 ओवर में 151 रन पर ढेर हो गई। मुंबई की टीम अपने तीन विकेट दूसरे ओवर तक मात्र छह रन पर गंवाने के बाद संभल नहीं सकी।
दोराईस्वामी सुब्रमण्यम खाता खोले बिना रन आउट हुए जबकि कप्तान वसीम जाफ्र को अबु नेचिम अहमद ने बोल्ड कर दिया। रोहित शर्मा खाता खोले बिना अरूप दास की गेंद पर बोल्ड हो गए। शोएब शेख ने (42), सिदेश लाड ने (23), अंकित चौहान (36) और इकबाल अब्दुल्ला ने नाबाद 22 रन बनाए। लेकिन रणजी चैंपियन टीम लक्ष्य से दूर रह गई। अबु नेचिम ने 31 रन पर तीन विकेट और प्रीतम दास ने 24 रन पर दो विकेट लिए।
अरूप-गोकुल शर्मा और तरजिंदर सिंह को एक-एक विकेट मिला। असम ने शिवशंकर राय (69) और गोकुल शर्मा (51) के अर्द्धशतकों से 178 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाया जो अंतत मैच विजयी साबित हुआ। मुंबई की तरफ से अविष्कार साल्वी ने 25 रन पर तीन विकेट, राजेश वर्मा ने 32 रन पर तीन विकेट और इकबाल अब्दुल्ला ने 41 रन पर दो विकेट लिए। दो मार्च को होने वाले सेमीफइनल में असम का मुकाबला केरल से और बंगाल का मुकाबला दिल्ली से होगा।
बंगाल परफेक्ट टेन के साथ सेमीफइनल में
शमी अहमद और वीर प्रताप सिंह की घातक गेंदबाजी के बाद ओपनरों रिद्धिमान साहा (नाबाद 52) और श्रीवत्स गोस्वामी (नाबाद 70) के अर्द्धशतकों से बंगाल ने कर्नाटक को दस विकेट से हराकर विजय हजारे ट्रॉफी वन-डे टूर्नामेंट के सेमीफइनल में प्रवेश कर लिया। कर्नाटक ने 32.1 ओवर में 127 रन बनाए। जवाब में बंगाल ने 28.3 ओवर में बिना कोई विकेट खोए 128 रन बनाकर मैच जीत लिया।
साहा ने 93 गेंदों पर नाबाद 52 रन में आठ चौके लगाए जबकि गोस्वामी ने 79 गेंदों पर नाबाद 70 रन में दस चौके और दो छक्के उड़ाए। इससे पहले शमी अहमद ने 32 रन पर तीन विकेट, वीर प्रताप ने 40 रन पर तीन विकेट और लक्ष्मी शुक्ला ने 20 रन पर दो विकेट लेकर कर्नाटक का 127 रन पर पुलिंदा बांध दिया। मनीष पांडे ने सर्वाधिक 28, करूण नायर ने 22, कप्तान आर विनय कुमार ने 20 और अभिमन्यु मिथुन ने 17 रन बनाए।