मैच के बाद सूर्यकुमार प्रेस कॉन्फ्रेंस में पहुंचे। इस दौरान उनसे बैटिंग ऑर्डर को लेकर भी सवाल पूछे गए और बैटिंग ऑर्डर में और ऊपर आने को लेकर भी बातें कही गईं। हालांकि, एक सवाल पर सूर्यकुमार हंसी नहीं रोक सके। यह सवाल पाकिस्तानी पत्रकार ने पूछा था। दरअसल, पाकिस्तानी पत्रकार ने पूछा- क्या वह वेस्टइंडीज टूर की तरह रोहित के साथ ओपनिंग के लिए आएंगे? इस पर सूर्यकुमार खूब हंसे और उनके जवाब ने तो वहां मौजूद सभी लोगों को हंसने के लिए मजबूर कर दिया।
पत्रकार ने पूछा- रोहित शर्मा ने कहा था कि एशिया कप के इस पूरे संस्करण में उनकी टीम प्रयोग का दौर जारी रखेगी। क्या उस प्रयोग का हिस्सा यह भी होगा कि आप आगे रोहित शर्मा के साथ ओपनिंग करते दिखेंगे? इस पर सूर्यकुमार ने कहा- तो आप बोल रहे कि केएल राहुल को नहीं खिलाना चाहिए? इसके बाद वह हंसने लगे।
सूर्यकुमार ने आगे कहा- राहुल भी बैक इंजरी के बाद टीम में वापसी कर रहे हैं। उन्हें कुछ समय की जरूरत है। मैंने तो जैसे कहा कि मैं किसी भी नंबर पर बैटिंग करने को तैयार हूं। कोच और कप्तान को बोलके रखा है कोई भी नंबर पर बैटिंग करूंगा, बस खिलाओ मुझे। इसलिए आगे भी यही जारी रहेगा। हम कई और चीजों की कोशिश कर रहे हैं। हम कुछ नया भी करना चाहते हैं। इसलिए बेहतर होगा कि हम वह चीजें मैच में करें, न कि प्रैक्टिस सेशन में। इससे हमें और बेहतर आइडिया मिलेगा।
सूर्यकुमार ने मैच में विराट कोहली के साथ 98 रन की नाबाद साझेदारी निभाई। विराट 44 गेंदों में 59 रन बनाकर नाबाद रहे। इस साझेदारी के बारे में पूछे जाने पर सूर्यकुमार ने कहा- मैंने उनके साथ बल्लेबाजी का आनंद लिया। हम इस बारे में बात कर रहे थे कि आगे के कुछ गेंदों को कैसे खेला जाए।
सूर्यकुमार ने कहा- विराट के पास काफी अनुभव है, जबकि मैंने अभी बहुत टी-20 नहीं खेला है। इसलिए बीच के ओवरों में किसी अनुभवी बल्लेबाज का होना टीम के लिए जरूरी था। भारत के 192 रन के जवाब में हॉन्गकॉन्ग की टीम 20 ओवर में पांच विकेट गंवाकर 152 रन ही बना सकी। इस तरह भारतीय टीम ने सुपर-4 में जगह बनाई।