यह विवाद क्यों शुरू हुआ, इसको लेकर एक वीडियो सामने आया है। सोशल मीडिया पर दावा किया गया है कि अफगानिस्तान और पाकिस्तानी फैन्स के बीच लड़ाई इसी डांस के बाद शुरू हुई। यह वीडियो एक पाकिस्तानी फैन के डांस करने का है। वीडियो में देखा जा सकता है कि एक पाकिस्तानी फैन जीत के बाद कुछ दूर पर मौजूद अफगानिस्तान के दर्शकों को चिढ़ाते हुए डांस कर कर रहा है।
बताया जा रहा है कि इस डांस को देखने के बाद ही अफगानिस्तान के फैन्स चिढ़ गए और मारपीट शुरू हो गई। हालांकि, इस बात में कितनी सच्चाई है, इस बारे में कुछ कहा नहीं जा सकता। दोनों देशों के दर्शकों के बीच झड़प का वीडियो भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। इस दौरान अफगानिस्तान के फैंस ने स्टेडियम की कुर्सियां निकाल लीं और पाकिस्तानी फैंस को दौड़ा-दौड़ा कर मारा। स्टेडियम के बाहर भी पाकिस्तानी फैंस के मारपीट हुई।
अब शारजाह पुलिस से इस मामले में जांच की मांग की गई है। वहीं, मैच के दौरान अफगानिस्तान के तेज गेंदबाज फरीद अहमद और पाकिस्तान के बल्लेबाज आसिफ अली भी भिड़ गए थे। दरअसल, फरीद ने आसिफ को आउट किया और उन्हें मैदान से बाहर जाने का इशारा किया। इसके बाद जवाब में आसिफ ने फरीद को धक्का दिया और बल्ला भी दिखाया। अंत में अंपायर बीच-बचाव के लिए आए और मामला शांत हुआ।
एशिया कप के सुपर-4 राउंड में पाकिस्तान ने बुधवार (सात सितंबर) को अफगानिस्तान को एक विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ उसने फाइनल में अपना स्थान पक्का कर लिया है। फाइनल में पाकिस्तान का सामना श्रीलंका से होगा। अफगानिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में छह विकेट गंवाकर 126 रन बनाए। जवाब में पाकिस्तान ने 19.2 ओवर में नौ विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। फाइनल मुकाबला 11 सितंबर को दुबई में खेला जाएगा।