उन्होंने हांगकांग के खिलाफ मैच की पूर्व संध्या पर कहा, ‘कई स्थानों को भरा जाना है जैसे कि तीसरे, चौथे और छठे नंबर के बल्लेबाज। इन सभी खिलाड़ियों (केदार, मनीष, रायुडु) की निगाहें इन स्थान पर होंगी। हम इस श्रृंखला में अधिक से अधिक खिलाड़ियों को मौका देना चाहते हैं। इस टूर्नामेंट में हमें चौथे और छठे नंबर के बल्लेबाज को तय करना होगा।’
रोहित के जवाब का संकेत है कि महेंद्र सिंह धोनी पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करेंगे। अंबाती रायुडु ने यो-यो टेस्ट पास करने के बाद भारतीय टीम में वापसी की है। केदार जाधव की हैमस्ट्रिंग के ऑपरेशन के बाद टीम में वापस लौटे हैं।
रोहित ने कहा, ‘ये दोनों ही टीम के अहम अंग हैं। रायुडु पहले इंग्लैंड जाने वाली टीम का हिस्सा था और इसी तरह से केदार भी चोटिल होने से पहले टीम का अहम हिस्सा था। दुर्भाग्य से वे पिछले कुछ समय से नहीं खेल पाएं लेकिन खुशी है कि उन दोनों की वापसी हुई है। मुझे उम्मीद है कि वे भारत के लिए मैच विजेता बनेंगे।’
इस बीच रोहित ने यह खुलासा नहीं किया कि दुबई की तेज गर्मी में वह गेंदबाजों को रोटेट करेंगे या नहीं लेकिन कहा कि अच्छा प्रदर्शन करने वालों को लंबी अवधि तक मौका मिलेगा।
उन्होंने कहा, ‘मैंने अभी इस बारे में नहीं सोचा है। हम यह देखना चाहते हैं कि प्रत्येक खिलाड़ी भिन्न परिस्थितियों में कैसा खेलता है। इसके अलावा हम अधिक से अधिक खिलाड़ियों को मौका देना चाहते लेकिन लगातार अच्छा प्रदर्शन करने वालों को अधिक मौके मिलेंगे। हम देखेंगे कि कोई खिलाड़ी परिस्थितियों के हिसाब से कैसा प्रदर्शन करता है और उसी अनुसार फैसला करेंगे।’
रोहित का कप्तान के रूप में यह पहला बड़ा टूर्नामेंट है और वह इसको लेकर उत्साहित हैं। उन्होंने कहा, ‘मैं उत्साहित होने के साथ थोड़ा नर्वस भी हूं। यह मेरे लिए बड़ा टूर्नामेंट है। मैं सभी खिलाड़ियों को अच्छी तरह से जानता हूं। मैं उन्हें अच्छी तरह से समझता हूं जो कि जरूरी है।’