इंडोनेशिया में जारी 18वें एशियाई खेलों में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने इतिहास रच दिया। अपने अभियान का बेहतरीन आगाज करते हुए भारतीय पुरुषों ने मेजबान इंडोनेशिया को 17-0 से रौंद दिया। यह भारत की एशियाड में अब तक की सबसे बड़ी जीत है।
सोमवार को पूल A के तहत खेले गए अपने पहले मुकाबले में दिलप्रीत सिंह, सिमरनजीत सिंह और मनप्रीत सिंह ने 3-3, रुपिंदर सिंह और आकाशदीप ने 2-2, तो वहीं एस. वी. सुनील, विवेक सागर, हरमनप्रीत और अमित ने 1-1 गोल दागे।
इससे पहले भारत ने एशियाई खेलों में रिकॉर्ड 3 बार 12-0 से विरोधी टीमों को मात दी है। भारतीय टीम के आगे इंडोनेशियाई टीम पानी भरते नजर आई। बताते चले कि भारतीय पुरुष हॉकी टीम एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाने और टोक्यो ओलिंपिक 2020 का टिकट हासिल करने के इरादे से इन खेलों में पहुंची है।