आईपीएल 2022 में गुजरात टाइटंस को चैंपियन बनाने में कोच आशीष नेहरा का योगदान सबसे ज्यादा था। हार्दिक को टीम का कप्तान बनाने से लेकर मजबूत गेंदबाजों को खरीदने और चैंपियन खिलाड़ियों को टीम में शामिल करने तक। कोच नेहरा के अहम फैसलों ने गुजरात को पहले ही सीजन में चैंपियन बनाया। उन्होंने साहा जैसे खिलाड़ी को अपनी टीम में जगह दी और इन खिलाड़ियों ने टीम को जीत दिलाने में अहम योगदान दिया।
गुजरात टाइंटस की जीत के बाद आशीष नेहरा का पूरा परिवार आईपीएल 2022 की ट्रॉफी के साथ सोया। उनकी पत्नी रुशमा नेहरा ने ट्रॉफी के साथ पूरे परिवार की तस्वीरें भी शेयर की हैं। इसके साथ ही उन्होंने लिखा है। एक सपना सच हो गया। नेहरा जी और पूरी गुजरात टीम पर बहुत गर्व है। वहीं, पूर्व भारतीय क्रिकेटर आशीष नेहरा ने इस फोटो पर कमेंट करते हुए लिखा छा गए नेहरा जी। कई अन्य लोगों ने भी आशीष नेहरा को गुजरात की टीम पर बधाई दी है।
नीलामी के बाद हुई थी नेहरा की आलोचना
आईपीएल नीलामी के बाद आशीष नेहरा की जमकर आलोचना हुई। कहा गया कि अनुभव की कमी के कारण वो एक बेहतरीन टीम नहीं बना सके। उन्होंने ऐसे कई खिलाड़ियों को टीम में शामिल किया जो अपनी राष्ट्रीय टीम से भी बाहर हो चुके हैं। कुछ ऐसे युवा थे जिन्हें कम ही लोग जानते थे। यह भी कहा गया कि चार-पांच खिलाड़ियों के दम पर कैसे गुजरात की टीम आईपीएल में बेहतर प्रदर्शन कर पाएगी। हालांकि, गुजरात की टीम ने सबको गलत साबित करते हुए खिताब अपने नाम किया। खास बात यह रही कि इस दौरान टीम के आठ खिलाड़ियों ने प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब भी जीता।
आईपीएल जीतने वाले पहले भारतीय कोच
आशीष नेहरा अपनी टीम को आईपीएल में चैंपियन बनाने वाले पहले भारतीय कोच हैं। 2008 से आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स, डेक्कन चार्जर्स, चेन्नई सुपरकिंग्स, कोलकाता नाइटराइडर्स, मुंबई इंडियंस, सनराइजर्स हैदराबाद और गुजरात टाइटंस की टीम चैंपियन बनी है। चार बार न्यूजीलैंड के स्टीफेन फ्लेमिंग, तीन बार श्रीलंका के महेला जयवर्धने और दो बार ऑस्ट्रेलिया के ट्रेवर बैलिस बतौर कोच आईपीएल ट्रॉफी जीत चुके हैं। इस लिस्ट में अब नेहरा का भी शामिल हो गया। टॉम मूडी, रिकी पोंटिंग, जॉन राइट, डैरेन लेहमैन और शेन वॉर्न एक-एक बार बतौर कोच चैंपियन बने हैं।