ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच पर्थ में खेले जा एशेज सीरीज के तीसरे टेस्ट में ऑस्ट्रेलियाई कप्तान स्टीव स्मिथ ने मैच के तीसरे दिन अपने टेस्ट करियर का 22वां शतक लगाया। अपने इस शतक के साथ ही स्मिथ ने क्रिकेट के भगवान सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़कर अपने नाम कर लिया है।
स्मिथ ने सचिन से कम पारियां खेलते हुए अपना 22वां शतक लगाया। स्मिथ ने 22 शतक लगाने के लिए 108 पारियां खेली, वहीं इससे पहले सचिन ने 114 पारियों में 22 शतक जमाए थे। सबसे कम पारियां खेलकर 22 टेस्ट शतक लगाने का रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज बल्लेबाज सर डॉन ब्रैडमैन के नाम हैं। ब्रैडमैन ने मात्र 58 पारियों में 22 शतक लगाए थे।
दिग्गज टेस्ट बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने अपनी 101वीं टेस्ट पारी में 22वां शतक लगाया था। स्मिथ ने न केवल सचिन से कम पारियों में 22वां शतक लगाया बल्कि लगातार चौथे साल उन्होंने टेस्ट में 1000 रन बनाने का कारनामा भी किया। इससे पहले वेस्टइंडीज के महान बल्लेबाज ब्रॉयन लारा, इंग्लैंड के मार्कस ट्रेस्कोथिक और केविन पीटरसन ने ही लगातार तीन साल तक टेस्ट में 1000 रन बनाए थे।
ये भी पढ़ेंः कोहली-स्मिथ की तुलना करने वालों को गांगुली का ये करारा जवाब
स्मिथ ने इस मैच में अपने टेस्ट करियर का सबसे तेज शतक भी लगाया है। स्मिथ ने 138 गेंदों पर यह शतक जमाया। स्मिथ का इससे पहले सबसे तेज शतक न्यूजीलैंड के खिलाफ पर्थ के इसी मैदान पर आया था। उन्होंने 2015-16 में 140 गेंद पर शतक लगाया था।