एशेज सीरीज का चौथा टेस्ट ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न ग्रांउड में खेला जा रहा है और मैच का दूसरा दिन इंग्लैंड के पूर्व कप्तान एलिस्टर कुक के नाम रहा। कुक ने अपने टेस्ट करियर का 32वां शतक लगाया और अभी वो नाबााद 104 रन पर खेल रहे हैं। इससे पहले इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया को 327 रन पर ऑल आउट किया और दिन का खेल खत्म होने तक 2 विकेट गंवाकर 192 रन बना लिए हैं। इंग्लैंड पहली पारी में अब महज 135 रन दूर है। कुक के साथ तीसरे दिन इंग्लैंड को मजबूत स्थिति में पहुंचाने के लिए कप्तान जो रूट (49*) बैटिंग करने क्रीज पर आएंगे।
मेलबर्न टेस्ट के दूसरे दिन इंग्लैंड को पहली सफलता टॉम कर्रन ने दिलाई। कर्रन ने शानदार फॉर्म में चल रहे ऑस्ट्रेलियाई कप्तान स्टीव स्मिथ को 76 रन पर क्लीन बोल्ड कर चलता किया। स्मिथ के बाद ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज एक के बाद एक करके पवेलियन लौटते रहे। स्मिथ के बाद मिचेल मार्श भी तुरंत 6 रन बनाकर आउट हो गए, हालांकि शॉन मार्श जरूर अपना अर्धशतक बनाने में कामयाब रहे। इससे पहले की वो इंग्लैंड के लिए खतरा बन पाते उन्हें स्टुअर्ट ब्रॉड ने अपना शिकार बनाया। इंग्लैंड के लिए बॉड ने 4, एंडरसन ने 3, क्रिस वोक्स ने 2 और टॉम कर्रन ने एक विकेट झटका।
कुक ने की गावस्कर की बराबरी
ऑस्ट्रेलिया में खेले जा रहे मौजूदा एशेज सीरीज के शुरुआती 3 टेस्ट में कुक का बल्ला एकदम खामोश रहा। लेकिन मेलबर्न में जोरदार वापसी करते हुए ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपना 5वां टेस्ट शतक जड़ा। कुक ने इस शतक के साथ ही अब टीम इंडिया के दिग्गज टेस्ट बैट्समैन सुनील गावस्कर के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली।
दरअसल गावस्कर ही एक मात्र ऐसे बल्लेबाज हैं जिनके नाम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 5 अलग-अलग मैदानों पर शतक हैं। गावस्कर के बाद यह कारनामा करने वाले कुक दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं। कुक ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सभी टेस्ट शतक एशेज सीरीज में ही लगाए हैं। कुक ने गाबा, एडिलेड, वाका, मेलबर्न और सिडनी में शतक जड़े हैं।