विस्फोटक बल्लेबाज डेविड वार्नर (124) और कप्तान माइकल क्लार्क (113) के शानदार शतकों की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने गाबा की पिच पर पहले टेस्ट के तीसरे दिन इंग्लैंड पर शिकंजा कस दिया है।
ऑस्ट्रेलिया ने अपनी दूसरी पारी सात विकेट पर 401 रन बनाकर घोषित कर दी। इसके साथ ही मेजबान टीम ने इंग्लैंड पर 560 रन की विशाल बढ़त हासिल कर ली।
रनों के पहाड़ के दबाव में पहला टेस्ट हाथ से निकलता देख इंग्लैंड ने स्टंप्स के समय दूसरी पारी में 24 रन पर अपने दो विकेट गंवा दिए थे। वह अब भी ऑस्ट्रेलिया से 537 रन से पीछे है जबकि उसके पास महज आठ विकेट शेष हैं।
दिन का खेल खत्म पर होने के समय कप्तान एलेस्टर कुक (11) और केविन पीटरसन (03) क्रीज पर डटे हुए थे।
इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने तीसरे दिन शनिवार को 65 रन से आगे खेलना शुरू किया और 94 ओवरों में सात विकेट के नुकसान पर 401 रन कूट डाले।
क्रिस रोजर्स (नाबाद 15) और डेविड वार्नर (नाबाद 45) मेजबानों की पारी आगे बढ़ाने उतरे। रोजर्स अपने स्कोर में सिर्फ एक रन जोड़कर पवेलियन लौट गए। हालांकि वार्नर ने उम्दा प्रदर्शन करते हुए अपना चौथा टेस्ट शतक जड़ा।
गाबा में क्लार्क के हजार रन
वार्नर का यह उनका एशेज शतक है। दूसरे छोर पर कप्तान क्लार्क ने एशेज में अपना छठा और करियर को 25वां शतक ठोका। क्लार्क ने 130 गेंदों में अपनी शतकीय पारी के दौरान नौ चौके और एक छक्का उड़ाया। वार्नर के 154 गेंदों में 13 चौके और एक छक्का है।
इस बीच क्लार्क ने गाबा में अपने 1000 रन पूरे किए और अपनी टीम के स्कोर को 400 के पार पहुंचाया। वार्नर और क्लार्क के बीच तीसरे विकेट के लिए 158 रन की साझेदारी हुई। इन दोनों के अलावा जॉर्ज बैली ने 34 रन और ब्रैड हैडिन ने अर्द्धशतकीय पारी खेली।
हैडिन ने 55 गेंदों में पांच चौकों से 53 रन बनाए। आखिरी में मिचेल जॉनसन ने नाबाद 39 रन की पारी खेल ऑस्ट्रेलिया की बढ़त को पांच सौ के पार पहुंचा दिया। ऑस्ट्रेलियाई पारी घोषित होने के बाद वर्षा के कारण मैच को कुछ देर रोकना पड़ा।
बारिश ने डाली बाधा
बारिश रुकने के बाद दूसरी पारी के लिए इंग्लैंड की टीम मैदान पर उतरी तो उसके खिलाड़ी मनोवैज्ञानिक दबाव में दिखे। इंग्लैंड ने महज 10 रन पर अपने दो विकेट गंवा दिए।
माइकल कारबैरी (00) बगैर खाता खोले रेयान हैरिस की गेंद पर बोल्ड हो गए जबकि जोनाथन ट्रॉट (9) जॉनसन की गेंद पर नाथन लियोन को अपना कैच थमा बैठे।