इंग्लैंड के कप्तान जो रूट और और ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस
- फोटो : twitte@cricketcomau
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के मुख्य कार्यकारी निक हाकले ने इंग्लैंड के खिलाफ खेली जा रही एशेज सीरीज के एक मुकाबले को लेकर बड़ा बयान दिया है। सीए के सीईओ के मुताबिक, इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेला जाने वाला पांचवां और अंतिम टेस्ट डे/नाइट मुकाबला होगा। दोनों टीमों के दरम्यान यह टेस्ट 14 जनवरी से खेला जाएगा। टेस्ट क्रिकेट इतिहास में यह पहली बार होगा जब एक सीरीज के दौरान दो टेस्ट मैच गुलाबी गेंद से खेले जाएंगे। दोनों देशों के बीच खेली जा रही एशेज सीरीज का दूसरा मैच 16 दिसंबर से एडिलेड में होगा जो दिन/रात का मुकाबला होगा।
सीईओ निक हाकले ने किया एलान
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के मुख्य कार्यकारी का बयान ऐसे समय में आया है जब कोरोना वायरस वैश्विक महामारी के चलते प्रतिबंधों के कारण पांचवें टेस्ट मैच को पर्थ से हटा दिया गया है। पूर्व कार्यक्रम के मुताबिक यह मुकाबला 14 जनवरी से पर्थ में होना था। लेकिन वहां से हटाने के बाद अभी तक यह तय नहीं हुआ है कि मैच कहां पर खेला जाएगा। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पांचवें और अंतिम टेस्ट मैच का आयोजन मेलबर्न, कैनबरा या सिडनी में हो सकता है। इस मैच के आयोजन पर जल्द ही फैसला लिया जाएगा। हालांकि मैच कि तारीख में किसी प्रकार का बदलाव नहीं किया जाएगा। सेन क्रिकेट से बात करते हुए निक हाकले ने कहा, डे/नाइट टेस्ट कराने में हमारी बड़ी रुचि रही है, मैं विवरण नहीं दूंगा, क्योंकि अभी सभी विवरणों के माध्यम में जा रहे हैं, उम्मीद है आऩे वाले कुछ दिनों में इसे लेकर घोषणा की जाएगी।
डे/नाइट टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया अजेय
टेस्ट इतिहास में अब तक 18 मुकाबले गुलाबी गेंद से खेले जा चुके हैं। खास बात है कि डे/नाइट टेस्ट मैचों का रिजल्ट सामने आया है। अब तक पिंक बॉल टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया अव्वल रहा है। कंगारू टीम ने अब तक आठ मुकाबले गुलाबी गेंद से खेले हैं और सभी में जीत दर्ज करने में सफल रही। पहला डे/नाइट टेस्ट ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के बीच 27 नंबर 2014 से लेकर 1 जनवरी 2015 के दरम्यान एडिलेड में खेला गया था।