एशेज सीरीज के चौथे टेस्ट में इंग्लैंड की टीम ने काफी बेहतर प्रदर्शन किया है और ऑस्ट्रेलिया को बहुत हद तक टक्कर देने की कोशिश की है। इस मैच में इंग्लैंड ने भले ही बेहतर प्रदर्शन किया हो, लेकिन इस टीम के कप्तान जो रूट कुछ खास नहीं कर पाए हैं। चौथे टेस्ट में रूट इंग्लैंड की पहली पारी में बिना खाता खोले ही पवेलियन लौट गए। इसके साथ ही उन्होंने एक अनचाहा रिकॉर्ड भी अपने नाम किया। रूट एशेज सीरीज में सबसे ज्यादा बार शून्य पर आउट होने वाले कप्तान बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज डॉन ब्रैडमैन की बराबरी कर ली है।
रूट एशेज सीरीज की 26 पारियों में पांच बार शून्य के स्कोर पर आउट हो चुके हैं। उनके अलावा ऑस्ट्रेलिया के डॉन ब्रैडमैन भी एशेज सीरीज में पांच बार शून्य पर आउट हुए हैं। हालांकि ब्रैडमैन 32 पारियों में पांच बार शून्य पर आउट हैं, वहीं जो रूट 26 पारियों में ही शून्य पर आउट हो चुके हैं।
इयान चैपल और जो डार्लिंग चार बार शून्य पर आउट हुए
इयान चैपल, जो डार्लिगं और माइक ब्रेयरली जैसे खिलाड़ी भी कप्तान रहते हुए चार-चार बार शून्य पर आउट हो चुके हैं। माइक ब्रेयरली 29 पारियों में चार बार, इयान चौपल 30 पारियों चार बार और जो डार्लिंग 32 पारियों में चार बार शून्य पर आउट हो चुके हैं। ऑस्ट्रेलिया में रूट का रिकॉर्ड कुछ खास नहीं रहा है। इस बार भी एशेज सीरीज की शुरुआत में उन्होंने कुछ अच्छी पारियां खेली थी, लेकिन कोई शतक नहीं बना पाए थे। अब रूट अर्धशतक भी नहीं लगा पा रहे हैं।
चौथा मैच भी जीत सकता है ऑस्ट्रेलिया
एशेज सीरीज के चौथे मैच में ऑस्ट्रेलिया की टीम जीत के करीब पहुंच चुकी है। हालांकि इंग्लैंड के बल्लेबाज कंगारू टीम को सीरीज का लगातार चौथा मैच जीतने से रोकना चाहेंगे। मैच के आखिरी दिन इंग्लैंड को जीतने के लिए 358 रन की जरूरत है, जबकि ऑस्ट्रेलिया को आखिरी दिन 10 विकेट लेने होंगे। ऐसे में यह मैच ड्रॉ भी हो सकता है। फिलहाल इंग्लैंड ने बिना कोई विकेट गंवाए 30 रन बना लिए हैं। जैक क्राउली और हसीब हमीद क्रीज पर बने हुए हैं।