वारसेस्टरशायर के तेज गेंदबाज जोश टंग को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाले एशेज सीरीज के दूसरे टेस्ट के लिए इंग्लैंड की टीम में शामिल किया गया है। अनुभवी स्पिनर मोईन अली की अंगुली में चोट के बाद टंग को जगह दी गई। एजबेस्टन में हुए पहले टेस्ट में दो विकेट से मिली हार के बाद मेजबान टीम में यही एकमात्र बदलाव किया गया है।
टंग ने इसी महीने आयरलैंड के खिलाफ पदार्पण किया था और दूसरी पारी में 66 रन देकर पांच विकेट अपनी झोली में डाले थे। इंग्लैंड दस विकेट से जीतने में सफल रहा था। टंग को मार्क वुड, क्रिस फोक्स और मैथ्यू पोट्स की जगह तरजीह दी गई। एजबेस्टन टेस्ट में मोइल अली की अंगुली में चोट लग गई थी। इंग्लैंड पार्टटाइम स्पिनर जो रूट की सेवाएं ले सकता है।
ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाजों को बेहतर करना होगा
इस बीच ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज मार्नस लाबुशेन ने कहा कि एशेज सीरीज के शुरुआती मुकाबले में उनके तेज गेंदबाजों ने इंग्लैंड के खिलाफ शीर्ष स्तर का प्रदर्शन नहीं किया। उन्होंने कहा कि ऑस्ट्रेलिया को आगामी मैचों में इस विभाग में काफी सुधार करना होगा। ऑस्ट्रेलिया ने पहले टेस्ट में इंग्लैंड को दो विकेट से हराकर पांच मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली।
ऑस्ट्रेलियाई टीम के कई खिलाड़ियों ने प्रभावशाली प्रदर्शन किया लेकिन लाबुशेन तेज गेंदबाजों से सुधार की उम्मीद कर रहे है। उन्होंने कहा, ''मुझे लगता है कि कुछ खिलाड़ियों ने असाधारण प्रदर्शन भी किया जिसमें उस्मान (ख्वाजा) ने शामिल हैं। नाथन लियोन ने भी शानदार गेंदबाजी की।''
लॉर्ड्स के लिए इंग्लैंड की प्लेइंग इलेवन
बेन डकेट, जैक क्रॉली, ओली पोप, जो रूट, हैरी ब्रूक, बेन स्टोक्स (कप्तान), जॉनी बेयरस्टो (विकेटकीपर), स्टुअर्ट ब्रॉड, ओली रॉबिन्सन, जोश टंग, जेम्स एंडरसन।