इंग्लैंड के खिलाफ एशेज सीरीज में पैट कमिंस ऑस्ट्रेलिया की कप्तानी करेंगे। ये दोनों टीमें एशेज सीरीज में 72 बार भिड़ चुकी हैं। इसमें से 33 बार ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड ने 32 बार जीत हासिल की है।
इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेली जाने वाली एशेज सीरीज के पहले मैच में पैट कमिंस कंगारू टीम की कप्तानी करेंगे। यह पहला मौका होगा जब कमिंस ऑस्ट्रेलिया के कप्तान के रूप में खेलेंगे। अब तक ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड 72 एशेज सीरीज खेल चुके हैं। इनमें से ऑस्ट्रेलिया ने 33 बार और इंग्लैंड ने 32 बार जीत हासिल की है। इस सीरीज का पहला मैच ब्रिस्बेन के गाबा में खेला जाएगा। इस मैच में ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज डेविड वार्नर, स्टीव स्मिथ और मार्नस लाबुशेन पर रन बनाने की जिम्मेदारी होगी। वहीं इंग्लैंड की बल्लेबाजी कप्तान जो रूट के इर्द-गिर्द रहेगी। बेन स्टोक्स के आने से इंग्लैंड की टीम मजबूत हुई है। उन्होंने पिछली एशेज सीरीज में कमाल की बल्लेबाजी की थी।
विज्ञापन
वार्नर स्मिथ और लाबुशेन पर होगी रन बनाने की जिम्मेदारी
इस मैच में डेविड वार्नर और मार्कस हैरिस ऑस्ट्रेलिया के लिए पारी की शुरुआत करेंगे। वार्नर ने पिछले दो सालों में सिर्फ दो टेस्ट मैच खेले हैं। ऐसे में लाल गेंद के खिलाफ उनकी फॉर्म ऑस्ट्रेलिया के लिए बहुत जरूरी होगी। वहीं मध्यक्रम में रन बनाने की जिम्मेदारी स्टीव स्मिथ और मार्नस लाबुशेन पर होगी। पिछली एशेज सीरीज में इन दोनों ही खिलाड़ियों ने शानदार बल्लेबाजी की थी। टीम की घोषणा करते हुए पैट कमिंस ने कहा, ट्रेविस हेड नंबर पांच पर बल्लेबाजी करेंगे।
कमिंस, हेजलवुड और स्टार्क होंगे तेज गेंदबाज
टिम पेन के न रहने पर एलेक्स कैरी ऑस्ट्रेलिया के लिए विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी संभालेंगे। वहीं जोश हेजलवुड, पैट कमिंस और मिशेल स्टार्क की तिकड़ी तेज गेंदबाजी की जिम्मेदारी संभालेगी। कंगारू स्पिनर नाथन लियोन टेस्ट में 399 विकेट पूरे कर चुके हैं और एक विकेट लेते ही वो टेस्ट में 400 विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में शामिल हो जाएंगे।
इंग्लैंड की बल्लेबाजी कमजोर कड़ी
इंग्लैंड के बल्लेबाज लंबे समय से लय में नहीं हैं। जो रूट के अलावा कोई भी खिलाड़ी उनके लिए लय में नहीं है। हालांकि रूट पिछले कुछ समय से अपने दम पर टीम को लेकर चल रहे हैं। हालांकि उन्होंने अब तक ऑस्ट्रेलिया में कोई शतक नहीं लगाया है। यहां उनका औसत 40 के करीब है। अगर इंग्लैंड को कोई मैच जीतना है तो रूट को एक बार फिर कमाल करना होगा। वहीं बेन स्टोक्स के आने से इंग्लैंड की टीम और मजबूत हुई है। स्टोक्स ने पिछली एशेज सीरीज में कमाल का प्रदर्शन किया था।
पहले मैच में एंडरसन और बेयरस्ट्रो को नहीं मिली जगह
इंग्लैंड ने पहले मैच में तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन को आराम दिया है ताकी वो डे-नाइट टेस्ट के लिए फिट रहें। वहीं जॉनी बेयरस्ट्रो को टीम में शामिल नहीं किया गया है। स्टुअर्ट ब्रॉड, क्रिस वोक्स, ओली रॉबिंसन और मार्क वुड इंग्लैंड के लिए तेज गेंदबाजी की जिम्मेदारी संभालेंगे। देखने वाली बात होगी कि जैक लीच को अंतिम ग्यारह में जगह मिलती है या पांच गेंदबाजों को मैच में उतारा जाता है।