विदर्भ ने ईरानी कप के तीसरे दिन भी रेस्ट ऑफ इंडिया को बल्लेबाजी करने का मौका नहीं दिया। नागपुर के विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में तीसरे दिन स्टंप्स तक विदर्भ ने 208 ओवर में 5 विकेट खोकर 702 रन बनाए। बारिश के कारण पूरे दिन में कुल 28 ओवर का खेल हो सका, जो कि विदर्भ के लिए फलदायी साबित हुआ।
बारिश के कारण देर से शुरू हुए तीसरे दिन के खेल में रिकॉर्ड बुक्स को हिलाने वाले
वसीम जाफर अपने कल के स्कोर में एक रन का इजाफा करके पवेलियन लौट गए। जाफर को सिद्धार्थ कौल ने क्लीन बोल्ड किया। 40 वर्षीय जाफर ने 431 गेंदों में 34 गेंदों और एक छक्के की मदद से 286 रन की मैराथन पारी खेली। जाफर जब आउट हुए तब विदर्भ का स्कोर 600 रन हो चुका था।
इसके बाद अपूर्व वानखेड़े (99*) ने अक्षय वाडकर (37) के साथ पांचवें विकेट के लिए 91 रन की साझेदारी की। शाहबाज नदीम ने वाडकर को आउट करके इस साझेदारी को तोड़ा। हालांकि, अपूर्व वानखेड़े की बेहतरीन बल्लेबाजी जारी रही और वह स्टंप्स तक शतक से केवल एक रन दूर थे। उम्मीद है कि चौथे दिन अपूर्व अपना शतक पूरा कर लेंगे।
अपूर्व ने 173 गेंदों में 12 चौको और दो छक्को की मदद से नाबाद 99 रन बनाए।
संक्षिप्त स्कोर कार्ड:
विदर्भ: 702/5 (वसीम जाफ़र 286, गणेश सतीश 120, सिद्धार्थ कौल 2/91)