शशांक मनोहर के इस्तीफे के बाद बोर्ड सचिव ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) अध्यक्ष पद की दावेदारी ठोंक दी है। उन्होंने आज इसके लिए पर्चा दाखिल कर दिया।
बीसीसीआई की स्पेशल जनरल मीटिंग (एसजीएम) में रविवार को शशांक मनोहर की जगह नए अध्यक्ष का चयन किया जाएगा और इस रेस में बीसीसीआई सचिव अनुराग ठाकुर सबसे आगे चल रहे हैं। ठाकुर का इस पद के लिए चुना जाना निश्चित माना जा रहा है क्योंकि उन्हें इस्ट जोन से काफी समर्थन प्राप्त है।
41 साल के भाजपा सांसद और बोर्ड सचिव के पक्ष में इस्ट जोन के सभी सदस्य (बंगाल, आसाम, झारखंड, त्रिपुरा और नेशनल क्रिकेट क्लब) हैं जो उनका समर्थन कर रहे हैं।
बीसीसीआई सूत्रों का कहना है कि 22 मई को होने वाली विशेष बैठक (एसजीएम) के लिए सभी सदस्य उपस्थित होंगे। शशांक मनोहर ने इस महीने बीसीसीआई अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने छह महीने बीसीसीआई अध्यक्ष का दायित्व संभाला।
दूसरी ओर, बोर्ड ने अपने पूर्व अध्यक्ष शशांक मनोहर के आईसीसी का पहला स्वतंत्र चेयरमैन बनने पर उनके सम्मान में आज रात्रिभोज समारोह का आयोजन भी किया है।