अनमोलप्रीत सिंह (60), सिद्धेश लाड (58) और कोना भरत (60) की अर्द्धशतकीय पारियों के दम पर भारत ए ने श्रीलंका ए के खिलाफ दूसरे अनधिकृत टेस्ट मैच के दूसरे दिन दूसरी पारी में छह विकेट पर 216 रन बना लिए है।
चार दिवसीय मुकाबले में भारत ए की कुल बढ़त 273 रन की हो गई है और उसके चार विकेट शेष हैं।
स्टंप के समय शिवम दुबे और राहुल चाहर पांच-पांच रन बनाकर क्रीज पर हैं। श्रीलंका के लिए फर्नांडो और लक्षण संदाकन ने दो-दो विकेट लिए।
इससे पहले श्रीलंका ए ने दिन की शुरुआत चार विकेट पर 87 रन से की और 60 ओवर में 212 पर ढेर हो गई। कामिंदु मेंडिस ने 68, निरोशन डिकवेला ने 39 और प्रियमल परेरा ने 36 रन बनाए। भारत के लिए जयंत यादव ने तीन, जबकि दुबे और संदीप वारियर ने दो-दो विकेट लिए।
भारत ए ने दो मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला पारी और 205 रन से जीता था।