टीम इंडिया के प्रमुख कोच अनिल कुंबले ने बीसीसीआई की बैठक में जहीर खान को भारतीय टीम का गेंदबाजी कोच बनाने की सिफारिश की है। हाल ही में खबर आई थी कि दिग्गज ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह ने भारतीय टीम के गेंदबाजी कोच के रूप में ज़हीर खान को उपयुक्त विकल्प बताया था। अब कुंबले ने भी ज़हीर का नाम प्रस्तावित किया है। कुंबले ने संजय बांगर का पद बदलकर सहायक कोच बनाने का प्रस्ताव रखा।
आईपीएल-10 के फाइनल से पूर्व आयोजित बैठक में कुंबले ने बीसीसीआई के अधिकारियों और प्रशासकों की समिति (सीओए) के सामने जहीर की सिफारिश की। भारतीय कोचिंग स्टाफ में जल्द ही बदलाव होने की पूरी उम्मीद है क्योंकि बोर्ड ने भारतीय टीम के प्रमुख कोच के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। मीडिया सूत्रों के मुताबिक कोई अधिकारी ऑन रिकॉर्ड इसकी पुष्टि नहीं करना चाहता। मगर सूत्रों ने इस खबर की पुष्टि कर दी है।
सूत्र ने स्वीकार किया की अनिल कुंबले भारतीय टीम के लिए गेंदबाजी कोच चाहते हैं और इस रोल के लिए जहीर खान उनकी पहली पसंद हैं। हम सही समय पर उनके इस प्रस्ताव विचार करेंगे। हालांकि, अभी कोई जानकारी नहीं कि जहीर खान चैंपियंस ट्रॉफी से पहले टीम से जुड़ेंगे या नहीं। बता दें कि जहीर ने इस पद के लिए बोर्ड से मोटी रकम मांगी थी। जहीर ने 100 दिन की सेवा के लिए 4 करोड़ रुपये की मांग की थी।