उत्तर प्रदेश ने रिंकू सिंह और विपराज निगम की पारियों की मदद से आंध्र को चार विकेट से हराकर सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्रॉफी के क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। आंध्र ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में छह विकेट पर 156 रन बनाए। जवाब में उत्तर प्रदेश ने 19 ओवर में छह विकेट पर 157 रन बनाकर जीत हासिल की। अंतिम आठ में उत्तर प्रदेश की भिड़ंत दिल्ली से होगी।
रिंकू-विपराज ने तीन ओवर में बनाए 48 रन
उत्तर प्रदेश की टीम एक समय 8.1 ओवर में बिना विकेट खोए 70 रन बनाकर बेहद मजबूत स्थिति में थी लेकिन इसके बाद उसका स्कोर छह विकेट पर 109 रन हो गया। हालांकि, रिंकू की सधी हुई पारी और विपराज की तूफानी पारी से टीम जीत दर्ज करने में सफल रही। रिंकू ने 22 गेंदों पर तीन चौकों और एक छक्के की मदद से नाबाद 27 रन और विपराज ने आठ गेंदों पर तीन चौकों और दो छक्कों के सहारे 27 रन बनाए। इन दोनों ने तीन ओवर में 48 रन की साझेदारी की।
झटकों के बाद रिंकू और विपराज ने उत्तर प्रदेश को लक्ष्य तक पहुंचाया। उत्तर प्रदेश को अंतिम चार ओवर में 48 रन की जरूरत थी। रिंकू और विपराज ने केवी शशिकांत के 17वें ओवर में 22 रन जोड़े। रिंकू ने एक छक्का मारा, जबकि विपराज ने बैकवर्ड प्वाइंट, एक्सट्रा कवर और वाइड लांग ऑन पर तीन छक्के जड़े। विपराज ने इससे पहले अपनी लेग स्पिन से 20 रन देकर दो विकेट भी चटकाए।
इससे पहले, आंध्र की टीम कभी लय में नहीं दिखी। टीम 17.2 ओवर में छह विकेट पर 113 रन बनाकर कम लक्ष्य देने की ओर बढ़ रही थी लेकिन शशिकांत (आठ गेंद में नाबाद 23) और एसडीएनवी प्रसाद (22 गेंद में नाबाद 34) ने सिर्फ 2.4 ओवर में 43 रन जोड़कर टीम का स्कोर 150 रन के पार पहुंचाया।