दक्षिण अफ्रीका की टीम वर्ल्ड कप के बाद अपने पहले द्विपक्षीय दौरे पर भारत आ चुकी है। वर्ल्ड कप में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद टीम में काफी बदलाव हुआ है। टीम के मैनेजमेंट से लेकर खिलाड़ियों और कप्तान तक सभी नए हैं।
दक्षिण अफ्रीकी टीम को भारत में तीन टी-20 मैच और तीन टेस्ट मैचों की सीरीज खेलनी है। इसमें धर्मशाला में होने वाला पहला टी-20 मैच बारिश की वजह से रद्द हो गया था और अब उसे अपना दूसरा मैच मोहाली में खेलना है।
अब दूसरे मैच से पहले टीम में एक और बदलाव हुआ है, टीम को अब नया स्पांसर मिल गया है। भारत दौरे पर दक्षिण अफ्रीकी टीम को भारतीय दुग्ध उत्पादक कंपनी 'अमूल' स्पांसर करेगी। अमूल ने दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट बोर्ड से नया करार किया है, जिसके तहत अब टीम की जर्सी पर अमूल का लोगो नजर आएगा।
भारत की अमूल डेयरी उत्पाद बनाने वाली दुनिया की नौवीं सबसे बड़ी कंपनी है, जबकि यह भारत की सबसे बड़ी फूड कंपनी है। अंतरराष्ट्रीय सीरीज के लिए अमूल स्टैंडर्ड बैंक प्रोटियाज के साथ साझेदारी करेगा।
वहीं दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट बोर्ड ने भी अमूल के साथ जुड़ने पर खुशी जाहिर की है और उसका मानना है कि इससे दक्षिण अफ्रीकी टीम को उपमहाद्वीप में प्रशंसकों के साथ जुड़ने में मदद मिलेगी।
इस साझेदारी पर दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेट बोर्ड के मुख्य कमर्शियल अधिकारी कुगांड्री गोवेंडर ने कहा कि वे अमूल के आभारी हैं। वहीं, अमूल के मैनेजिंग डायरेक्टर (डेयरी ब्रांड) डॉ आर। एस। सोढ़ी ने कहा कि हमारी कंपनी दक्षिण अफ्रीकी टीम से जुड़ने पर गर्व महसूस कर रही है।
बता दें कि इससे पहले अमूल न्यूजीलैंड और वर्ल्ड कप में अफगानिस्तान टीम के साथ जुड़ चुकी है और उन्हें स्पांसर कर चुकी है।