सेंचुरियन टेस्ट के दूसरे दिन दक्षिण अफ्रीका के कप्तान हाशिम अमला (208) ने आतिशी पारी खेली। दूसरे दिन का खेल शुरू होते ही अमला वेस्टइंडीज के गेंदबाजों पर टूट पड़े। टी-ब्रेक से करीब पौने घंटे पहले तक उन्होंने विपक्षी खिलाड़ियों को खूब छकाया। उन्होंने शानदार दोहरा शतक लगाते हुए 208 रन बनाए और टीम का स्कोर 552 रन तक पहुंचाया।
दक्षिण अफ्रीका ने अपनी पहली पारी 5 विकेट पर 552 रन पर घोषित कर दी।
दूसरे दिन की शुरुआत एबी डीविलियर्स और अमला ने की। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 308 रनों की साझेदारी की। डीविलियर्स 152 रन के निजी स्कोर पर सुलेमान बेन के शिकार हुए। डीविलियर्स के बाद पांचवें खिलाड़ी के तौर पर स्टीयान वेन जेल अमला का साथ निभाने क्रीज पर पहुंचे। अपने पहले ही टेस्ट मैच में ही वेन जेल ने शानदार शतक जमाया। 101 रन बनाकर वह अंत तक नाबाद रहे। जबकि अमला का बतौर कप्तान यह सर्वश्रेष्ठ पारी है।
पहले दिन दो शतकों से टेंशन में आ गई थी कैरेबियाई टीम
टेस्ट मैच के पहले दिन वेस्टइंडीज के तेज गेंदबाज केमोर रोच काफी अच्छी गेंदबाजी कर रहे थे। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के शीर्ष क्रम के 2 बल्लेबाजों को आउट कर मैच में अपनी टीम की की शानदार शुरुआत दिलाई। रोच की सटीक गेंदबाजी से दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाज काफी असहज महसूस कर रहे थे।
लेकिन 16 ओवर की तीसरी गेंद पर रोच के टखने में मोच आ गई। जिससे उन्हें मैदान से बाहर जाना पड़ा। मैच के पहले दिन की समाप्ति पर टीम रोच के अगले दिन तक फिट होने पर आश्वस्त थी लेकिन वे दूसरे दिन भी अपनी चोट से नहीं उबर पाए।
दूसरे दिन जब वेस्टइंडीज टीम मैदान पर पहुंची तो खिलाड़ियों के चेहरे पर दबाव साफ देखा जा सकता था। हालांकि सुलेमान बेन वेस्टइंडीज की तरफ से अच्छी गेंदबाजी करते हुए डीविलियर्स और अमला को अपना शिकार बनाया।
मौसम ने बचाई वेस्टइंडीज की लाज
दूसरे दिन के खेल के दौरान अचानक तेज बारिश हो जाने से अंपायर ने समय से पहले ही टी-ब्रेक कर दिया। लेकिन इसके बाद भी बारिश नहीं थमी तो अंपायरों ने मैच को पूरे दिन के लिए ही रद्द कर दिया।
अचानक मौसम बिगड़ जाने से दक्षिण अफ्रीका को अपनी पारी घोषित करनी पड़ी। अमला, डीविलियर्स और स्टीयान के शतकों की बदौलत दक्षिण अफ्रीका ने 552 का विशाल स्कोर वेस्टइंडीज के सामने बनाया।
बारिश से मैच रूक जाने पर वेस्टइंडीज के खिलाड़ियों को थोड़ी राहत जरुर मिली। कुछ देर बाद बारिश न थमने के आसार भांपने के बाद जब अंपायरों ने मैच पूरे दिन के लिए रद्द कर दिया तो विंडीज टीम की जान में जान आई।