टी-20 सीरीज में मिली जीत से उत्साहित टीम इंडिया गुरुवार से इंग्लैंड के खिलाफ यहां शुरू होने वाली तीन वन-डे मैचों की सीरीज के पहले मुकाबले में भी जीत से आगाज करना चाहेगी। इस सीरीज को अगले साल होने वाले विश्व कप की 'रिहर्सल' माना जा रहा है।
वहीं नॉटिंघम में इंग्लैंड और टीम इंडिया के बीच होने वाले पहले वन-डे मैच से पहले इंग्लिश टीम को बड़ा झटका लगा है। पहले इंग्लैंड टीम के प्रमुख बल्लेबाज एलेक्स हेल्स चोटिल हो गए हैं। एलेक्स को इंजरी को कारण पहले मैच में बाहर बैठाया गया है।
भारत के खिलाफ दूसरे टी-20 मैच में 58 रनों मैच विनिंग पारी खेलने वाले हेल्स शानदार फॉर्म में थे। ऐसे में उनका टीम से बाहर जाना इंग्लैंड टीम के लिए बड़ा झटका है। हेल्स की गैर मौजूदगी में प्लेइंग इलेवन में जो रूट की जगह पक्की हो गई है। कप्तान इयॉन मॉर्गन अब बेन स्टोक्स और जो रूट दोनों को बिना किसी परेशानी के प्लेइंग इलेवन में शामिल कर पाएंगे।
तीन मैचों की सीरीज में 1-2 से हारने के बाद मेजबान टीम के पास वनडे सीरीज में वापसी करने का मौका है। वनडे सीरीज में ऑस्ट्रेलिया को 5-0 से क्लीन स्वीप करने के बाद इंग्लैंड के इरादे मजबूत हैं। भारत के लिए भी वनडे की नंबर एक टीम को हराना आसान नहीं होगा।