इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट में स्पिन गेंदबाज अक्षर पटेल की वापसी हो सकती है। उन्हें टीम में शाहबाज नदीम की जगह शामिल किया जा सकता है। वह दूसरे टेस्ट में चयन के लिए उपलब्ध होंगे। गुरुवार को समाचार एजेंसी एएनआई ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। दरअसल, अखिल भारतीय वरिष्ठ चयन समिति ने शाहबाज नदीम और राहुल चाहर को मुख्य टीम से बाहर कर स्टैंडबाय खिलाड़ियों के समूह में वापस जोड़ दिया है। बता दें कि अगर अक्षर को दूसरे टेस्ट में खेलने का मौका मिलेगा तो वह उनका डेब्यू मैच होगा।
गौरतलब है कि रवींद्र जडेजा के सीरीज से बाहर होने के बाद अक्षर पटेल को टीम में जगह दी गई थी। पहले टेस्ट में अक्षर का खेलना लगभग तय मानाजा रहा था लेकिन आखिरी समय में अक्षर के चोटिल होने की वजह से शाहबाज नदीम को टीम में शामिल किया गया था। पहले टेस्ट में नदीम का प्रदर्शन उतना खास नहीं रहा, जितनी उनसे उम्मीद की जारी थी। हालांकि, उन्होंने दोनों पारियों में कुल मिलाकर पांच विकेट (2+3) चटकाए थे।