श्रीलंका के ऑफ स्पिनर अकीला धनंजय का गेंदबाजी एक्शन संदिग्ध पाया गया है और गाले में इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट के बाद उनके एक्शन की शिकायत की गई है। धनंजय को 14 दिनों के अंदर अपने एक्शन का टेस्ट कराने की जरूरत है लेकिन टेस्ट का परिणाम आने तक वह गेंदबाजी कर सकते हैं। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने यह जानकारी दी है।
आईसीसी ने कहा, आईसीसी प्रक्रिया के तहत धनंजय की गेंदबाजी की जांच की जाएगी। उन्हें 14 दिनों के भीतर परीक्षण से गुजरना पड़ेगा और जब तक परीक्षण का परिणाम नहीं आ जाता, तब तक उन्हें अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में गेंदबाजी जारी रखने की इजाजत है।
धनंजय ने पहले टेस्ट में दो विकेट लिए थे जो श्रीलंका हार गया था। 25 वर्षीय धनंजय ने सितंबर 2012 में अपना पदार्पण करने के बाद से श्रीलंका केलिए चार टेस्ट, 30 वनडे और 16 टी-20 मैच खेले हैं। श्रीलंका क्रिकेट से अभी कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।