पाकिस्तान के ऑफ स्पिनर सईद अजमल (41/5) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दक्षिण अफ्रीका को दूसरे टेस्ट के दूसरे दिन शुक्रवार को यहां गहरे संकट में डाल दिया। पाकिस्तान के पहली पारी में 338 रन के जवाब में मेजबान टीम ने दिन का खेल समाप्त होने तक 139 रन तक अपने पांच विकेट गंवा दिए थे। ये पांचों विकेट अजमल के खाते में गए। दक्षिण अफ्रीका अभी पाकिस्तान के स्कोर से 199 रन पीछे है, जबकि उसके पांच विकेट शेष हैं।
कप्तान ग्रीम स्मिथ (19) और अल्वीरो पीटरसन (17) ने पहले विकेट के लिए 36 रन जोड़े। लेकिन इसके बाद अजमल ने कहर बरपाते हुए 73 रन के भीतर एक के बाद दक्षिण अफ्रीका को पांच झटके दे दिए। उन्होंने स्मिथ को एलबीडब्लू बोल्ड कर दिया। फिर पीटरसन को अजहर अली के हाथों कैच करा दिया। पीटरसन का विकेट 50 के स्कोर पर गिरा।
हाशिम अमला (25) और फाफ डू प्लेसिस (28) टीम के स्कोर को 84 रन तक ले गए। लेकिन अजमल ने अमला को पगबाधा कर दिया। जाक कालिस मात्र दो रन बनाकर चलते बने जबकि डू प्लेसिस को अजमल ने यूनुस खान के हाथों कैच कराते हुए अपना पांचवां शिकार बनाया। स्टंप्स तक एबी डीविलियर्स 24 और डीन एल्गर 11 रन बनाकर क्रीज पर डटे थे।