टीम इंडिया के पूर्व तेज गेंदबाज अजित अगरकर सहित मुंबई रणजी टीम के चार चयनकर्ताओं ने शुक्रवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन की एड-हॉक समिति की बैठक से कुछ घंटों पहले चयन समिति के चारों सदस्यों ने अपने इस्तीफे सौंपे। एड-हॉक समिति की बैठक में इन चारों के भाग्य का फैसला होने वाला था।
सीनियर घरेलू सीजन के बाद इन इस्तीफों के साथ ही चार सदस्यीय पैनल का विवादित कार्यकाल भी समाप्त हुआ। द हिंदु की रिपोर्ट के मुताबिक, चेयरमैन अजित अगरकर, निलेश कुलकर्णी, सुनील मोरे और रवि ठक्कर ने अपने इस्तीफे एड-हॉक समिति और एमसीए के प्रमुख कार्यकारी सीएस नाइक को सौंपे।
पिछले महीने विशेष आम सभा में चयनकर्ता पैनल को बर्खास्त करने की मांग की गई थी। क्रिकेट सुधारक समिति सीआईसी ने इस मांग को खारिज करते हुए ध्यान दिलाया कि चयनकर्ता पैनल की प्रतिबद्धताओं पर सवाल नहीं किया जा सकता। एड-हॉक समिति ने फिर इस मामले में कानूनी विचार प्राप्त किए।
मुंबई टीम के चयनकर्ताओं को जानकारी मिल चुकी थी कि इस मामले पर विचार किया जा रहा है और जिस तरह इस मामले पर बातीचत हुई उससे वह निराश भी हुए। इसके बाद चारों पूर्व क्रिकेटरों ने एकमत होकर चयनकर्ता पद से इस्तीफा दिया।
पिछले दो सीजन में मुंबई की टीम अपने खाते में सिर्फ एक ही ट्रॉफी जोड़ सकी है। 12 साल के बाद इस सीजन में मुंबई ने विजय हजारे ट्रॉफी का खिताब हासिल किया। मुंबई क्रिकेट के भविष्य को ध्यान रखते हुए अगरकर और कंपनी ने पिछले दो सालों में कई कड़े फैसले लिए। उन्होंने उन खिलाड़ियों को बाहर का रास्ता दिखाया, जो मैदान पर लगातार संघर्ष कर रहे थे।
हालांकि, एमसीए सदस्यों का एक धड़ा इससे खुश नहीं था। उन्होंने चयनकर्ताओं पर स्थानीय मैच नहीं देखने का आरोप लगाया। इसका परिणाम यह रहा कि चयनकर्ता पैनल पर बर्खास्तगी का दबाव बढ़ा।