टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया को उसी की सरजमीं पर 2-1 से हराकर बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी अपने नाम की। भारत की इस ऐतिहासिक जीत के बाद ड्रेसिंग रूम में भारतीय कप्तान अजिंक्य रहाणे ने टीम को संबोधित किया था। इस दौरान रहाणे ने शानदार जीत का श्रेय न सिर्फ प्लेइंग इलेवन में जगह पाने वाले खिलाड़ियों की दी बल्कि स्क्वाड के सभी खिलाड़ियों की जमकर तारीफ की। दरअसल, बीसीसीआइ ने शनिवार को अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर एक वीडियो पोस्ट किया है, जिसमें रहाणे ने चाइनामैन गेंदबाजी कुलदीप यादव की खूब सराहना की।
वीडियो में रहाणे ने टीम इंडिया के सभी खिलाड़ियों को इस ऐतिहासिक जीत की बधाई दी। इसके बाद उन्होंने कहा कि, ये हम सबके लिए ये एक बड़ा लम्हा है। एडिलेड में जो कुछ भी हुआ और फिर हमने मेलबर्न में वापसी की और फिर आगे जैसा भी हुआ ये देखना सच में काफी सुखद रहा। सबने कड़ी मेहनत कीऔर अपना योगदान दिया। ये सिर्फ किसी एक या दो की बात नहीं थी।
उन्होंने आगे कहा कि, मैं कुलदीप यादव और कार्तिक त्यागी के बारे में भी कुछ कहूंगा। रहाणे ने कुलदीप की हौसला अफजाई करते हुए कहा कि मुझे पता है कि ये आपके लिए काफी मुश्किल है क्योंकि आपको एक भी मैच में खेलने का मौका नहीं मिला, लेकिन आपका दृष्टिकोण सचमुच काफी शानदार रहा। आपका भी समय आएगा और आप इसी तरह से कड़ी मेहनत करते रहें। रहाणे से पहले टीम इंडिया के मुख्य कोच रवि शास्त्री ने भी ड्रेसिंग रूम में सभी खिलाड़ियों को संबोधित किया था।