न्यूजीलैंड के 33 साल के स्पिनर एजाज पटेल एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार वह बच्चों के अस्पताल के लिए उस जर्सी को नीलाम करने का फैसला किया है, जिसे पहनकर इस गेंदबाज ने 10 विकेट हासिल किए थे। दिसंबर, 2021 में मुंबई टेस्ट मैच में भारत के खिलाफ पहली पारी में 10 विकेट लेकर गेंदबाज ने इतिहास में अपना नाम दर्ज कराया था।
एक पारी में 10 बल्लेबाजों को आउट करके वह जिम लेकर और अनिल कुंबले के बाद दुनिया के तीसरे गेंदबाज बने थे। उस टी-शर्ट पर भारत का दौरा करने वाले टेस्ट टीम के खिलाड़ियों के हस्ताक्षर हैं। पटेल की जर्सी की नीलामी 6 मई से शुरू होगी, जो 11 मई तक चलेगी। एजाज को उम्मीद है कि इस नीलामी से मिले पैसे से वह न्यूजीलैंड के स्टॉरशिप फाउंडेशन के तहत संचालित अस्पताल के लिए धन जुटा सकते हैं।
एजाज ने सोशल मीडिया पर लिखा पोस्ट
मैंने और पत्नी ने पिछले साल अपनी बेटी के साथ स्टारशिप अस्पताल में कुछ दिन बिताए। यह एक चिंताजनक समय था, लेकिन यहां एहसास हुआ कि हम कितने भाग्यशाली थे कि इस अस्पताल में रुकने का मौका मिला। यह हमारे लिए अद्भुत था और हम उनके लिए कुछ करना चाहते हैं। यह एक तरीका है (जर्सी नीलामी) जिससे हम उनकी मदद कर सकते हैं।
अश्विन ने दी थी हस्ताक्षर वाली टी-शर्ट
जब एजाज ने यह उपलब्धि हासिल की थी, तब वानखेड़े स्टेडियम में सभी ने खड़े होकर अभिवादन किया था। वहीं ड्रेसिंग रूम में भारतीय कप्तान विराट कोहली ने उन्हें बधाई दी थी। वहीं खेल के अंतिम दिन भारतीय स्पिनर अश्विन ने उन्हें हस्ताक्षर वाली टी-शर्ट दी थी। भारत के खिलाफ मैच में एजाज ने कुल 14 विकेट हासिल थे।