ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस ने साल के अंत में होने वाली बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी से पहले तैयारियां शुरू कर दी है। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज 22 नवंबर से शुरू होगी। कमिंस टी20 विश्व कप और मेजर लीग क्रिकेट में हिस्सा लेने के बाद से ब्रेक पर चल रहे हैं और वह इंग्लैंड के खिलाफ चल रही वनडे सीरीज का भी हिस्सा नहीं हैं।
कमिंस ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया है जिसमें वह नेट्स पर जमकर पसीना बहाते नजर आ रहे हैं। अभ्यास के दौरान कमिंस अच्छी फॉर्म में नजर आ रहे थे। ऑस्ट्रेलियाई कप्तान का कहना है कि वह आने वाली सीरीज के लिए तैयारियां कर रहे हैं और उन्होंने नेट्स में वापस आने पर उत्साह जताया।
कमिंस की थी पंत की तारीफ
इस सीरीज से पहले कमिंस ने पंत की तारीफ की थी। कमिंस का कहना है कि पंत उन बल्लेबाजों में शामिल हैं जिनके पास मैच का रुख मोड़ने की क्षमता है, इसलिए ऑस्ट्रेलिया को इस बल्लेबाज से सतर्क रहने की जरूरत है। कमिंस ने एक स्पोर्ट्स चैनल से कहा था, पंत एक ऐसा खिलाड़ी है जिसका पिछली कुछ सीरीज में बहुत बड़ा प्रभाव रहा है और हमें उसे शांत रखने की कोशिश करनी होगी। हर टीम में एक या दो ऐसे खिलाड़ी होते हैं जो मैच का रुख बदल सकते हैं। आप जानते हैं, हमारे पास ट्रेविस हेड और मिचेल मार्श जैसे खिलाड़ी हैं। मुझे लगता है कि इन खिलाड़ियों के साथ वे आक्रामक होने जा रहे हैं। अगर आप थोड़ा भी चूकते हैं तो वे इसके लिए तैयार रहेंगे।
भारत की नजरें हैट्रिक लगाने पर
भारत ने ऑस्ट्रेलिया से लगातार दो बार यह सीरीज जीती है और अब उसकी नजरें हैट्रिक लगाने पर टिकी होंगी। भारत ने पिछली बार ऑस्ट्रेलिया में कंगारू टीम को हराया था और गाबा का घमंड तोड़ा था। उस सीरीज में पंत ने काफी अहम भूमिका निभाई थी।