टीम इंडिया की 'रन मशीन' विराट कोहली के लिए ऑस्ट्रेलिया का यह दौरा किसी स्वर्णिम दौरे से कम नहीं था। वनडे में 2 शतक लगाने के बाद कोहली ने टी-20 सीरीज में बेहद गजब की बल्लेबाजी की। उन्होंने लगातार तीनों मैचों में फिफ्टी लगाते हुए कुल 199 रन बनाए। ऐसा पहली बार हुआ है जब उन्होंने टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में एक के बाद एक करके फिफ्टी ठोंकी है। कोहली ही नहीं भारत की ओर से लगातार 2 टी-20 अर्धशतक लगाने वाले वे पहले बल्लेबाज भी बन गए।
अपने स्वर्णिम दौरे में वह पहले मैच में शतक से चूक गए, लेकिन उनका रन बनाने का अभियान नहीं थमा। उनके बल्ले ने नाबाद 90, नाबाद 59 और 50 रनों की पारियां खेली जिसका उन्हें दोहरा ईनाम भी मिला। सिडनी टी-20 के बाद उन्हें मैन ऑफ द सीरीज से नवाजा गया। फिर सीरीज के एक दिन बाद वह आईसीसी में टी-20 में बल्लेबाजी रैंकिंग में पहले नंबर के बल्लेबाज भी बन गए। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के ऐरोन फिंच को हटाकर शीर्ष पायदान पर कब्जा जमाया।
टी-20 सीरीज से पहले खेली गई 5 मैचों की वनडे सीरीज में उन्होंने 2 शतकों के साथ 381 रन भी बनाए और वनडे की बल्लेबाजी रैंकिंग में दूसरे पायदान पर पहुंच गए। कोहली समेत अन्य बल्लेबाजों की ही बल्लेबाजी का कमाल रहा कि इस दौरे के शुरुआती 4 मैचों में हार के बाद अगले 4 मैच जीतकर अपने दौरे का अंत जीत के साथ किया।