भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व तेज गेंदबाज और जूनियर नेशनल टीम के मौजूदा चीफ सिलेक्टर वेंकटेश प्रसाद भी टीम इंडिया के कोच बनने की दौड़ में शामिल हो गए हैं। टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के मुताबिक वेंकटेश प्रसाद ने कोच पद के लिए बीसीसीआई को अपना दावा पेश किया है। बताते चलें कि पिछले दिनों अनिल कुंबले ने बीसीसीआई को अपना इस्तीफा सौंपा था।
कुंबले के इस्तीफे के बाद कोच पद के आवेदन की डेडलाइन बढ़ाए गई थी, जिसके बाद कोच पद के लिए प्रसाद और टीम इंडिया के पूर्व डायरेक्टर रवि शास्त्री ने भी कोच पद के लिए अपना आवदेक दिया हैं। हालांकि प्रसाद नेे अभी तक इस बात की पुष्टि नहीं की है। जूनियर टीम के चीफ सिलेक्टर के रूप में सितंबर में उनका तीन साल का कार्यकाल पूरा होगा।
आपको बता दें कि प्रसाद दो साल (2007 से 2009) तक भारतीय टीम के बॉलिंग कोच रह चुके हैं। प्रसाद भारत के लिए 90 के दशक में 33 टेस्ट और 162 वनडे मैच खेल चुके हैं। इस तरह 47 वर्षीय वेंकटेश प्रसाद अब वीरेंद्र सहवाग, टॉम मूडी, रिचर्ड पायबस, लालचंद राजपूत, डोड्डा गणेश और रवि शास्त्री के साथ टीम इंडिया के नए कोच पद की रेस में शामिल हो गए हैं। हालांकि
दूसरी ओर खबर के मुताबिक प्रशासकों की समिति (सीओए) उन खबरों से नाखुश है जिसके मुताबिक सचिन तेंदुलकर के कहने पर रवि शास्त्री ने कोच पद के लिए आवेदन किया। इसके अलावा वह इस बात से भी नाराज चल रही है कि कुंबले-कोहली के बीच मतेभद की खबरों के बीच बीसीसीआई के एक जनरल मैनेजर ने सहवाग को आवेदन करने को कहा था। गौरतलब है कि सीओए चीफ विनोद राय चैंपिंयस ट्रोफी के बाद विराट कोहली और अनिल कुंबले के बीच बैठक में शामिल नहीं हुए थे।