फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Dinesh Karthik: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दो गेंदों में मैच खत्म करने वाले कार्तिक बोले- ज्यादा अभ्यास नहीं करता

Sat, 24 Sep 2022 06:06 PM IST
शक्तिराज सिंह स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नागपुर

सार

दिनेश कार्तिक ने कहा है कि वह मैच से पहले ज्यादा अभ्यास नहीं करते हैं, लेकिन अपने रोल और शॉट्स को लेकर स्पष्ट रहते हैं। इसी वजह से उन्हें मैच फिनिश करने में परेशानी नहीं होती है। 
 
विज्ञापन
दिनेश कार्तिक - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच टी20 सीरीज के दूसरे मैच में दिनेश कार्तिक ने शानदार बल्लेबाजी की। उन्हें सिर्फ दो गेंद खेलने का मौका मिला, लेकिन उन्होंने इन्हीं दो गेंदों में 10 रन बनाकर भारत को जीत दिला दी। इस मैच के बाद कार्तिक ने कहा है कि वह ज्यादा प्रैक्टिस नहीं करते हैं, लेकिन अभ्यास के दौरान अपनी तैयारी को लेकर स्पष्ट रहते हैं। टीम में उनकी भूमिका भी तय है। इस वजह से उन्हें मैच खत्म करने में ज्यादा परेशानी नहीं होती है। 
विज्ञापन


ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच में उन्होंने एक छक्का और एक चौका लगाकर अपनी टीम को चैंपियन बनाया। आखिरी ओवर में भारत को मैच जीतने के लिए नौ रन की जरूरत थी। ऐसे में कार्तिक ने पहली गेंद पर छक्का और दूसरी गेंद पर चौका लगाकर चार गेंद रहते मैच खत्म कर दिया। इसके बाद कार्तिक ने कहा कि वह नेट्स में अभ्यास करते समय ऐसे ही मुश्किल हालातों की कल्पना करते हैं और इसका अभ्यास करते हैं। इसी वजह से मैदान में उनके लिए ऐसा करना आसान हो जाता है।

कार्तिक ने कहा "काफी समय से मैं इसकी तैयारी कर रहा हूं। पहले मैंने आरसीबी के लिए ऐसा किया और अब यहां ऐसा करने में मुझे खुशी है। यह काफी लंबे समय से मेरे लिए रोज का काम हो गया है। मैं अभ्यास के दौरान कई तरह के हालातों की कल्पना कर प्रैक्टिस करता हूं। राहुल भाई और विक्रम भाई भी यह देखते हैं कि मैं कैसे अभ्यास करना चाहता हूं। मैं किस तरह के शॉट्स का अभ्यास करना चाहता हूं। मैं इसे लेकर बहुत ही स्पष्ट हूं और बहुत ज्यादा अभ्यास नहीं करता, लेकिन जहां तक संभव हो चुनिंदा शॉट्स और हालातों के लिए ही अभ्यास करता हूं।"

पहले मैच में दिनेश कार्तिक को अक्षर पटेल के बाद बल्लेबाजी के लिए भेजा गया था, लेकिन दूसरे मैच में वह अक्षर से पहले बल्लेबाजी के लिए आए। इस पर कार्तिक ने कहा कि टीम इस बारे में प्रयोग कर रही है। कई मौकों पर अक्षर स्पिन गेंदबाजों के खिलाफ एक-दो बड़े ओवर निकाल सकते हैं और फिर मैच आगे ले जा सकते हैं। कई बार लेग स्पिन गेंदबाज के खिलाफ बाएं हाथ का बल्लेबाज उपयोगी होता है। टीम इसी का फायदा उठाना चाह रही है। इसी वजह से मैच के हालातों के अनुसार अक्षर और कार्तिक का बल्लेबाजी क्रम बदलता रहता है।
विज्ञापन

पहले मैच में कार्तिक को पंत की जगह टीम में चुना गया था, लेकिन दूसरा मैच आठ ओवर का था। ऐसे में टीम मैनेजमेंट को पंत और कार्तिक दोनों को टीम में शामिल करने का मौका मिल गया। कार्तिक ने कहा कि इस मैच में आठ ओवर करने के लिए चार गेंदबाजों की जरूरत थी, लेकिन हमारे पास पांच विकल्प थे। हार्दिक जैसा विश्व स्तरीय ऑलराउंडर होने का यही फायदा है। जब वह टीम में होते हैं तो टीम संतुलित होती है। ऐसे में एक अतिरिक्त गेंदबाज या बल्लेबाज खेल सकता है। इसी वजह से हार्दिक खास हैं। 

कार्तिक ने कप्तान रोहित शर्मा की भी जमकर तारीफ की, जिन्होंने 46 रन की शानदार पारी खेली। इसके अलावा उन्होंने दो विकेट लेने वाले अक्षर पटेल की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि अक्षर बहुत ही बेहतरीन तरीके से खुद को टीम में स्थापित कर रहे हैं। वहीं, पंत की तारीफ में उन्होंने कहा कि सभी जानते हैं कि एक बल्लेबाज के रूप में पंत कितने खतरनाक हैं। ऐसे में पंत को टीम में शामिल करने का फैसला पूरी तरह सही था।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें