क्रिकेट के हर मैच में कोई न कोई खास बात होती ही है, अब इस मैच को लीजिए जिसमें ऐसा संयोग बना कि दोनों टीमों के कप्तान ने बतौर कप्तान अपने करियर की शुरुआत एक साथ कर डाली।
2009 के बाद यानी 7 साल बाद फिर टेस्ट क्रिकेट में ऐसा अनोखा वाकया हुआ कि दोनों टीम अपने-अपने नए कप्तान के साथ एक ही मैच में उतरी। बुलावायो में खेले जा रहे जिम्बाब्वे और न्यूजीलैंड के बीच टेस्ट मैच में यह संयोग बना। जिम्बाब्वे की ओर से ग्रीम क्रीमर और किवी टीम की ओर से केन विलियम्सन बतौर टेस्ट कप्तान पहली बार मैदान पर उतरे।
इससे पहले इस तरह की घटना 2009 में हुई जब सेंट विंसेट में वेस्टइंडीज और बांग्लादेश के बीच टेस्ट मैच में। बांग्ला टीम की अगुवाई मशरफे मुर्तजा कर रहे थे जबकि कैरेबियाई टीम की कमान फ्लॉड रीफर के पास थी। एक ही टेस्ट मैच में दोनों टीम की ओर से बतौर कप्तान पहली बार उतरने की यह 24वीं घटना है। हालांकि इन 24 मामलों में टेस्ट क्रिकेट के पहले टेस्ट मैच को शामिल नहीं किया गया है जब स्वाभाविक तौर पर दोनों टीम अपने-अपने कप्तान के साथ उतरी थी।