पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान रिकी पोंटिंग को अपने करियर के आखिरी टेस्ट में सोमवार को विपक्षी टीम दक्षिण अफ्रीका के खिलाड़ियों ने गार्ड ऑफ ऑनर से सम्मानित किया। पर्थ में अपना आखिरी टेस्ट खेल रहे पोंटिंग जैसे ही मैदान पर बल्लेबाजी करने उतरे दक्षिण अफ्रीकी खिलाड़ियों ने उन्हें बड़े ही खास अंदाज में तालियां बजाकर सम्मानित किया। इसके अलावा स्टेडियम में बैठे लोगों ने भी पोंटिंग के लिए तालियां बजाई और उन्हें सम्मानित किया।
लंबे समय से खराब फार्म के कारण आलोचनाओं का शिकार हुए पोंटिंग ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के बाद अपने 17 वर्ष लंबे क्रिकेट करियर को समाप्त करने की घोषणा कर दी थी। पर्थ टेस्ट पोंटिंग के करियर का आखिरी टेस्ट है। पोंटिंग पर्थ टेस्ट के साथ ही स्टीव वा के 168 टेस्ट मैचों के रिकार्ड के बराबर पहुंच गए हैं।