ऑस्ट्रेलिया के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज एडम गिलक्रिस्ट का मानना है कि भारतीय कप्तान रोहित शर्मा का टेस्ट करियर अब समाप्त हो चुका है और वह इस साल जून में इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली टेस्ट सीरीज का हिस्सा नहीं होंगे। रोहित ने हाल ही में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के पांचवें टेस्ट से खुद को बाहर रखा था, लेकिन संन्यास लेने की अटकलों को पूरी तरह खारिज कर दिया था।
खराब फॉर्म से गुजर रहे हैं भारतीय कप्तान
रोहित पिछले कुछ समय से खराब फॉर्म से गुजर रहे हैं और ऑस्ट्रेलिया दौरे पर भी वह प्रभावित नहीं कर सके थे। गिलक्रिस्ट ने रोहित के भविष्य को लेकर राय रखी है और कहा कि वह घर पहुंचकर स्थिति का आकलन करेंगे और इंग्लैंड दौरे पर नहीं जाएंगे। मालूम हो कि भारत को जून से पहले कोई टेस्ट सीरीज नहीं खेलनी है। इंग्लैंड के खिलाफ टीम इस महीने के अंत में सीमित ओवरों की सीरीज खेलेगी।
गिलक्रिस्ट ने कहा, मुझे नहीं लगता कि रोहित इंग्लैंड जाएंगे। उन्होंने कहा था कि वह घर लौटने के बाद चीजों को देखेंगे और स्वदेश लौटकर वह सबसे पहले अपने छोटे बच्चे से मिलेंगे। मुझे लगता है कि वह चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान इस बारे में सोचेंगे। इंग्लैंड के खिलाफ उन्हें सीमित ओवर का मुकाबला खेलना है और फिर चैंपियंस ट्रॉफी में हिस्सा लेना है। इसके बाद हो सकता है कि वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में नहीं खेलें।
रोहित के वनडे भविष्य पर क्या बोले गिलक्रिस्ट?
गिलक्रिस्ट ने साथ ही कहा कि चैंपियंस ट्रॉफी रोहित का 50 ओवर के प्रारूप में आखिरी टूर्नामेंट हो सकता है। उन्होंने कहा, मुझे लगता है कि रोहित चैंपियंस ट्रॉफी जीतने की कोशिश करेंगे और इसके बाद शायद इस प्रारूप में खेलते नजर नहीं आएंगे।
रोहित के भविष्य को लेकर चल रही अटकलें
भारत को हाल ही में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच मैचों की बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में 1-3 से हार का सामना करना पड़ा था। इस सीरीज में रोहित का प्रदर्शन काफी खराब रहा था जिसके बाद उनके भविष्य को लेकर अटकलों का बाजार गर्म हो गया था। रोहित पांचवें टेस्ट से बाहर रहे थे जिसके बाद बुमराह ने इस मैच में कमान संभाली थी। हालांकि, बुमराह मैच के बीच में चोटिल हो गए थे जिस कारण कोहली ने कप्तानी की थी।