पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज आबिद अली (174 रन) उन दिग्गज बल्लेबाजों के क्लब में शामिल हो गए जिन्होंने अपने पहले दो टेस्ट में लगातार मैचों में शतक जड़े हैं। यही नहीं आबिद के साथी ओपनर शान मसूद (135) ने भी शतकीय पारी खेली और वह पाकिस्तान की ऐसी तीसरी ओपनिंग जोड़ी हो गई जिसने एक ही पारी में शतक लगाया। पाक के ड्रेसिंग रूम में लीजेंड के नाम से मशहूर आबिद ने श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टेस्ट के तीसरे दिन शतक जड़ा।
रावलपिंडी में खेले गए अपने पदार्पण टेस्ट में भी उन्होंने सैकड़ा (109 रन) जड़ा था। पाकिस्तान ने मैच में दो विकेट पर 395 रन बनाकर अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। पहली पारी में 80 रन की बढ़त लेने वाली मेहमान टीम की कुल बढ़त 315 रन की हो गई है। अजहर अली 57 रन पर नाबाद हैं जोकि 14 पारियों में उनका पहला अर्द्धशतक हैं। जबकि दूसरे छोर पर बाबर आजम 22 रन बनाकर खेल रहे हैं।
मैच की दूसरी पारी में आबिद और मसूद ने पहले विकेट के लिए 278 रन जोड़े। ओपनिंग विकेट पर पाकिस्तान की श्रेष्ठ साझेदारी से वह 20 रन दूर रह गए। आमिर सुहैल और एजाज अहमद ने 1997 में वेस्टइंडीज के खिलाफ कराची में यह 298 रन जोड़े थे।