जॉर्ज बैली के कप्तानी पद छोड़ने के 24 घंटे के अंदर ही ऑस्ट्रेलियाई टी-20 टीम को नया कप्तान मिल गया।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) ने बल्लेबाज ऐरोन फिंच को टी-20 टीम की कमान सौंपी है। टी-20 टीम के कप्तान बनने वाले फिंच ऑस्ट्रेलिया के सातवें क्रिकेटर हैं। बतौर कप्तान वह 5 अक्टूबर को दुबई में पाकिस्तान के खिलाफ टी-20 मैच में उतरेंगे।
धाकड़ बल्लेबाज फिंच के पास ऑस्ट्रेलियाई टी-20 टूर्नामेंट बिग-बैश में मेलबर्न रेनग्रेड्स के लिए पिछले दो सत्र में कप्तानी करने का अनुभव है। साथ ही वह आईपीएल में पुणे वॉरियर्स के लिए भी कुछ मैचों में कप्तानी कर चुके हैं।
ट्वंटी-20 क्रिकेट के नंबर वन बल्लेबाज फिंच ने पिछले साल इंग्लैंड लायंस के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया-ए टीम की अगुवाई की थी, जिसमें उन्होंने शानदार प्रदर्शन कर चयनकर्ताओं को काफी प्रभावित किया था।
राष्ट्रीय चयनकर्ता ने कहा, "जब जॉर्ज बैली ने हमें यह संकेत दिया कि वह कप्तानी पद छोड़ना चाहते हैं तो हमने सोचा कि उनकी जगह के उपयुक्त व्यक्ति ऐरोन ही हैं। हमें उम्मीद है कि वह अपने नेतृत्व में टीम को ऊंचाइयों तक ले जाएंगे।"