मेलबर्न में ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के बीच फाइनल मैच से सभी प्रशंसकों को उम्मीद थी कि खिताबी मुकाबला बेहद रोमांचक होगा। साथ ही इस मैच में रनों का विशाल स्कोर भी खड़ा होगा लेकिन ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों ने कमाल की गेंदबाजी कर कीवी टीम को 50 ओवर से बहुत पहले ही आउट कर एक तरह से मैच को अपने पक्ष में कर लिया।
टूर्नामेंट में लगातार 8 मैच जीतने वाली न्यूजीलैंड टीम खेल के साथ-साथ किस्मत की बदौलत यहां तक पहुंचने में सफल रही। फाइनल मैच में टॉस जीतकर उसने अपनी किस्मत की शुरुआत इस मैच में भी कर दी लेकिन जल्द ही उसकी किस्मत टीम का साथ छोड़ने लगी और रनों का अंबार खड़ा करने वाले न्यूजीलैंड के बल्लेबाज महज 183 रन पर आउट हो गए।
वर्ल्ड कप इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है जब फाइनल में 2 बार एक ही स्कोर बना है। 1983 के फाइनल में वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम 183 रन पर आउट हो गई थी। इस मैच के 32 साल बाद इतिहास ने फिर वही दोहराव किया और न्यूजीलैंड की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए इसी स्कोर पर आउट हो गई। अब देखना है कि न्यूजीलैंड 32 साल पुराने भारत के इतिहास को दोहरा पाता है या नहीं।
लेकिन हम आपको 32 साल के अंतराल वाले इन 2 खिताबी मैचों में हुई 7 दिलचस्प समानताओं के बारे में बता रहे हैं।
पहली पारी का स्कोरबोर्ड एक-दूसरे की कॉपी तो नहीं?
भारत और वेस्टइंडीज के बीच 1983 का फाइनल इंग्लैंड के लॉर्ड्स में खेला गया और टीम इंडिया 45 रनों से मैच जीतकर वर्ल्ड चैंपियन बनने में कामयाब रही। जानिए, 1983 और 2015 के फाइनल मैचों की 7 समानताओं के बारे में।
पहली समानता, भारत और न्यूजीलैंड की टीमें फाइनल में पहले बल्लेबाजी करते हुए 183 रन पर आउट हो गईं।
दूसरी समानता, दोनों ही टीमें निर्धारित ओवरों से 5 ओवर से पहले ही ऑलआउट हो गईं। 1983 में 60-60 ओवरों के मैच में भारत 54.4 ओवर में आउट हो गया, जबकि न्यूजीलैंड की टीम 45 ओवर में आउट हुई।
तीसरी समानता, भारत और न्यूजीलैंड दोनों ही पारियों में कुल 3 छक्के लगे।
चौथी समानता, दोनों ही टीमों की ओर से एक छक्का ओपनर ने, दूसरा छक्का 5वें नंबर के बल्लेबाज और तीसरा छक्का 9वें नंबर के बल्लेबाज ने जड़ा।
पांचवीं समानता, दोनों ही टीमों की ओर से सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाज ने 7-7 चौके लगाए। भारत के लिए ओपनर कृष्णमचारी श्रीकांत ने सर्वाधिक 38 रन बनाए और 7 चौके जड़े। जबकि न्यूजीलैंड की ओर से ग्रैंड एलियट ने 83 रन बनाए और 7 चौके लगाए।
छठी समानता, भारत और न्यूजीलैंड दोनों ही टीम का सातवें नंबर का बल्लेबाज खाता खोले बगैर ही आउट हो गया।
सातवीं समानता, विपक्षी टीम की ओर से शानदार प्रदर्शन होने के बावजूद दोनों टीमों (वेस्टइंडीज और ऑस्ट्रेलिया) का कोई भी गेंदबाज 3 से ज्यादा विकेट झटक नहीं सका। भारत के खिलाफ विंडीज गेंदबाज एंडी राबर्ट्स ने सबसे ज्यादा 3 विकेट झटके, जबकि ऑस्ट्रेलिया की ओर से मिचेल जॉनसन और जेम्स फॉकनर ने 3-3 विकेट निकाले।