लिविंगस्टोन की 27 गेंद में तीन चौकों और सात छक्कों की मदद से नाबाद 62 रन की पारी की बदौलत इंग्लैंड ने 39 ओवर में पांच विकेट पर 312 रन बना डाले। बारिश के कारण इस मैच को 39-39 ओवर का कर दिया गया था। बेन डकेट ने 62 गेंद में छह चौके और एक छक्के की मदद से 63 रन, कप्तान हैरी ब्रुक ने 58 गेंद में 11 चौकों और एक छक्के की मदद से 87 रन, जेमी स्मिथ ने 28 गेंद में एक चौका और दो छक्के की मदद से 39 रन बनाए। फिल सॉल्ट ने 22 रन की पारी खेली। एडम जैम्पा ने 66 रन पर दो विकेट लिए। स्टार्क ने आठ ओवर में 70 रन दिए और काफी महंगे साबित हुए। इसके अलावा मिचेल मार्श, मैक्सवेल और हेजलवुड को एक-एक विकेट मिला।
जवाब में ऑस्ट्रेलियाई पारी 24.4 ओवर में 126 रन पर सिमट गई। इंग्लैंड ने 186 रन से जीत दर्ज की। ऑस्ट्रेलिया की ओर से सात बल्लेबाज तो दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके। इनमें से दो खाता नहीं खोल सके। इनमें स्टीव स्मिथ (5), जोश इंग्लिस (8), मार्नस लाबुशेन (4), ग्लेन मैक्सवेल (2), स्टार्क (3*) शामिल हैं। एडम जैम्पा और हेजलवुड तो खाता भी नहीं खोल सके।
कप्तान मार्श ने 28 रन और ट्रेविस हेड ने 34 रन की पारी खेली। इन दोनों ने टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई थी और 52 गेंद में 68 रन की साझेदारी निभाई। हालांकि, हेड के आउट होते ही ऑस्ट्रेलियाई टीम ताश के पत्तों की तरह बिखर गई। एलेक्स कैरी 13 रन और शॉन एबॉट 10 रन बनाकर आउट हुए। इंग्लैंड की ओर से मैथ्यू पोट्स ने चार, ब्राइडन कार्स ने तीन और जोफ्रा आर्चर ने दो विकेट लिए। आदिल रशीद को एक विकेट मिला। पांच मैचों की वनडे सीरीज में इंग्लैंड की टीम 0-2 से पिछड़ने के बाद जबरदस्त वापसी की है। फिलहाल सीरीज 2-2 से बराबर है। अब आखिरी और निर्णायक मुकाबला 29 सितंबर को ब्रिस्टल में खेला जाएगा।