अमूमन ऐसा कम ही देखने को मिलता है कि एक मैच में दोनों टीमों को एक ही तरह के मौके मिले और चूक जाएं।
आईपीएल-8 के 23वें मुकाबले में मेजबान मुंबई इंडियंस और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच मुकाबले के दौरान एक दिलचस्प संयोग बना। यह संयोग ऐसा रहा कि दोनों टीमों को एक-एक बार यह उपलिब्ध हासिल करने का मौका मिला, लेकिन दुर्भाग्य ऐसा कि कोई भी टीम यह कारनामा नहीं कर सकी।
अगर यह कारनामा किसी भी टीम की ओर से कर लिया जाता तो यह टूर्नामेंट के आठवें सत्र में पहली बार होता। एक और गजब की बात यह रही कि दोनों टीमों को पारी के अंतिम ओवरों में यह चांस मिले। फिलहाल रिकॉर्ड बनाने का मौके दोनों टीमों की ओर से गंवाने के बाद मुंबई के लिए राहत की बात यह रही कि उसे 7 मैचों में दूसरी जीत नसीब हो गई।
साथ ही सनराइजर्स एक बार फिर 150 से कम के लक्ष्य को भेद पाने में नाकाम रही। ऐसा छठी बार हुआ है जब उसने 150 या उससे कम का लक्ष्य पार करने में नाकामी मिली। हालांकि 3 बार इस टीम ने जीत हासिल भी की।
स्लॉग ओवर में भुवनेश्वर कुमार ने गंवाया चांस
हम यहां जिस दिलचस्प संयोग की बात कर रहे हैं वह है दोनों टीमों के तेज गेंदबाजों भुवनेश्वर कुमार (सनराइजर्स हैदराबाद) और लसित मलिंगा (मुंबई इंडियंस) का हैट्रिक बनाने का मौका गंवाना।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई की पारी का अंतिम ओवर था और गेंद भुवी के हाथों में थी। उन्होंने पहली गेंद पर कीरोन पोलार्ड (33) को बोल्ड कर पहली सफलता हासिल की।
इसके बाद अगली ही गेंद पर नए बल्लेबाज विनय कुमार को खाता खोले बगैर विकेटकीपर नमन ओझा के हाथों कैच आउट कराकर चलता किया। लगातार 2 सफलता के बाद भुवनेश्वर के पास हैट्रिक बनाने का मौका था लेकिन वह बल्लेबाजी करने आए मिचेल मैक्कलाघेन को आउट नहीं कर सके। हालांकि उन्होंने बल्लेबाज को यॉर्कर डालकर आउट करने की कोशिश की लेकिन इस गेंद पर विकेट मिलने के बजाए बल्लेबाजों ने एक रन पूरे कर लिए।
अंतिम ओवर में हैट्रिक का चांस चूकने वाले भुवनेश्वर ने 4 ओवर में 26 रन देकर 3 विकेट झटके। ऐसा नहीं है कि इस मैच में सिर्फ भुवी ने हैट्रिक का मौका गंवाया बल्कि मुंबई की ओर से भी एक तेज गेंदबाज हैट्रिक लेने का मौका भुना नहीं सका।
मुंबई का यह धाकड़ गेंदबाज भी हैट्रिक से चूका
सनराइजर्स हैदराबाद के तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार के हैट्रिक बनाने का मौका गंवाने के बाद मुंबई इंडियंस के लसित मलिंगा को भी हैट्रिक हासिल करने का मौका मिला लेकिन वह भी चूक गए।
मैच में मुंबई को शुरुआती सफलता दिलाने वाले मलिंगा ने हैदराबाद की पारी के 19वें ओवर की पहली गेंद पर हुनमा विहारी (16) को विकेट के पीछे कैच आउट करा दिया। लेकिन अगली गेंद पर वह विकेट नहीं झटक सके।
इसके बाद उन्होंने तीसरी गेंद पर प्रवीण कुमार (0) को बोल्ड कर टीम को पांचवीं और अपनी तीसरी सफलता हासिल की। फिर अगली गेंद पर उन्होंने नए बल्लेबाज डेल स्टेन को बोल्ड कर हैट्रिक का मौका बना ही लिया। लेकिन पांचवीं गेंद पर जब करन शर्मा बल्लेबाजी करने आए तो मलिंगा इस बल्लेबाज को आउट नहीं कर सके और हैट्रिक का मौका गंवा दिया।
हालांकि उनकी गेंदबाजी बेहद शानदार रही और लंबे समय बाद उन्होंने एक बेहतरीन गेंदबाजी की। मलिंगा ने 4 ओवर के स्पेल में एक मेडन के साथ 23 रन देकर 4 विकेट झटक लिए। उन्हें इसके लिए शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।