आईपीएल सट्टेबाजी में गिरफ्तार बॉलीवुड अभिनेता विंदू रंधावा के बयान बीसीसीआई अध्यक्ष एन श्रीनिवासन के दामाद और चेन्नई सुपर किंग्स के सीईओ गुरुनाथ मैयप्पा पर भारी पड़ने जा रहे हैं।
एक न्यूज चैनल के अनुसार विंदू ने पुलिस को बताया है कि मैयप्पा ने इस साल आईपीएल के मैचों पर लगाए सट्टे में एक करोड़ रुपये हारे हैं।
विंदू की बात में सच्चाई होने पर मैयप्पा पर शिकंजा कसना तय माना जा रहा है। विंदू ने पुलिस को यह कह कर भी चौंकाया कि उसने पिछले सभी आईपीएल में सट्टा लगाया था। उसने स्वीकार किया कि उसे सट्टे की लत है।
इस बीच मुंबई पुलिस ने जांच को आगे बढ़ाते हुए मैयप्पन के नाम समन जारी कर उन्हें शुक्रवार को पूछताछ के लिए बुलाया। लेकिन मैयप्पन ने पुलिस से सोमवार तक की मोहलत मांगी। पुलिस इस पर विचार कर रही है।
सूत्रों के अनुसार शुक्रवार को पुलिस इस मामले में अंतिम फैसला लेगी। बताया जा रहा है कि रविवार को आईपीएल का फाइनल है और मैयप्पन निर्णायक मुकाबले के दौरान कोलकाता में रहना चाहते हैं।
चेन्नई सुपर किंग्स फाइनल में पहुंच चुकी है। विंदू के साथ टूर्नामेंट के दौरान लगातार संपर्क में रहने के कारण पुलिस मैयप्पन से पूछताछ करना चाहती है।
इससे पहले बृहस्पतिवार को मुंबई पुलिस की अपराध शाखा की चार सदस्यीय टीम चेन्नई में मैयप्पन के घर समन देने पहुंची थी। लेकिन वहां न मैयप्पन मिले और न कोई अन्य व्यक्ति। तब घर के बाहर नोटिस चिपकाया गया।
मैयप्पन के घर पर न मिलने के बाद पुलिस ने कहा कि यदि वे शुक्रवार को 11 से पांच बजे के बीच नहीं आते तो आगे की कार्रवाई की जाएगी।
समन पर न आने वाले व्यक्ति को भगोड़ा घोषित किया जाता है और पुलिस अदालत से उसके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी करने का अनुरोध करती है। पुलिस ने चेन्नई सुपर किंग्स के दफ्तार जाकर मैनेजर को भी समन की कॉपी सौंपी।
मुंबई पुलिस के संयुक्त आयुक्त (अपराध शाखा) हिमांशु रॉय ने मीडिया से कहा कि पुलिस मैयप्पन को विंदू के सामने बैठा कर पूछताछ करना चाहती है। पुलिस को उम्मीद है कि वे समय से आएंगे।
पुलिस ने कहा कि चेन्नई सुपर किंग्स का कोई और व्यक्ति फिलहाल संदेह के दायरे में नहीं है। रॉय के अनुसार विंदू ने कहा है कि उसने आईपीएल के पिछले पांचों सीजन में भी सट्टा लगाया था और बड़ी रकम हारी थी। लेकिन इस बार उसकी भरपाई हो गई। उसने 17 लाख रुपये जीते।