कोरोना संक्रमित पाए गए 10 खिलाड़ियों के बिना ही पाकिस्तानी टीम इंग्लैंड दौरे के लिए रविवार को उड़ान भरेगी। पीसीबी ने शनिवार को इसकी जानकारी दी। बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी वसीम खान ने बताया कि, 'जब इन खिलाड़ियों की दो रिपोर्ट निगेटिव आएगी तभी ये टीम के साथ इंग्लैंड में दोबारा जुड़ पाएंगे।
इन 10 खिलाड़ियों के बिना रवाना होगी टीम
बीते दिनों पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड द्वारा एहतियान कराए गए कोरोना टेस्ट में शादाब खान, हारिस रऊफ, हैदर अली, फखर जमां, मोहम्मद रिजवान, वहाब रियाज, इमरान खान, मोहम्मद हफीज, मोहम्मद हसनैन और काशिफ भट्टी संक्रमित पाए गए थे, जिसके बाद मैनेजमेंट ने स्कॉवड में शामिल सभी 29 खिलाड़ियों का दोबारा टेस्ट कराया था।
ये खिलाड़ी जाएंगे इंग्लैंड
अजहर अली (टेस्ट कप्तान), बाबर आजम (टी-20 कप्तान), आबिद अली, इमाम-उल-हक, शान मसूद, असद शफीक, फवाद आलम, इफ्तिखार अहमद, खुशदिल शाह, सरफराज अहमद, फहीम अशरफ, मोहम्मद अब्बास, नसीम शाह, शाहीद अफरीदी, सोहेल खान, उस्मान शेनवारी, इमाद वसीम और यासिर शाह।
बतौर रिजर्व प्लेयर रोहेल नजीक, मूसा खान भी टीम के साथ उड़ान भरेंगे।
तीन टेस्ट और दो टी-20 मैच की सीरीज
यह दौरा 30 जुलाई से शुरू होना था, लेकिन कोरोना वायरस महामारी के कारण सभी दौरे देर से शुरू हो रहे हैं। इंग्लैंड और वेस्टइंडीज के बीच 3 टेस्ट मैचों की सीरीज 28 जुलाई तक चलेगी। ईसीबी ने कहा कि पाकिस्तान के खिलाफ सीरीज के कार्यक्रम की घोषणा जल्दी ही की जाएगी। पाकिस्तान के मुख्य कोच और मुख्य चयनकर्ता मिसबाह-उल-हक के नेतृत्व में टीम के पूर्व कप्तान और विकेटकीपर बल्लेबाज सरफराज अहमद की वापसी हुई है।
पूर्व कप्तान इंजमाम के गंभीर आरोप
इस बीच पाकिस्तान के पूर्व कप्तान और कोच रहे इंजमाम-उल-हक ने पीसीबी के मेडिकल स्टाफ की जमकर आलोचना की है। इंजमाम ने आरोप लगाया कि पीसीबी का मेडिकल स्टाफ पॉजिटिव आए खिलाड़ियों का फोन नहीं उठा रहा है। इंजी ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, 'मैं पीसीबी से अनुरोध करना चाहूंगा कि वह इस मामले को सही से देखे क्योंकि अगर आप इन्हें नजरअंदाज करते हैं तो जैसे कि हफीज ने अपना निजी टेस्ट करावाया, वैसी ही घटनाएं होंगी।' 50 वर्षीय पूर्व कप्तान ने साथ ही कहा कि बोर्ड को इन खिलाड़ियों को उनके ही घर में क्वारंटीन करने से बेहतर लाहौर स्थित राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी में रखना चाहिए।