अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) से कुछ स्पष्टीकरण के बाद बीसीसीआई क्रिकेट को 2028 ओलंपिक में शामिल करने की अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की कवायद का समर्थन करेगा।
जय शाह होंगे आईसीसी में बीसीसीआई के प्रतिनिधि
वहीं, सचिव जय शाह वैकल्पिक निदेशक और वैश्विक संस्था की मुख्य कार्यकारियों की समिति में भारत के प्रतिनिधि होंगे।
बीसीसीआई से केपी राव की छुट्टी
बीसीसीआई ने महाप्रबंधक (खेल विकास) केवीपी राव को बर्खास्त कर दिया है। बता दें कि राव को इस्तीफा देने को कहा गया था। दरअसल, राव ने राज्य इकाइयों को व्यंग्यपूर्ण पत्र में बीसीसीआई को छोड़ने को अपना सबसे सुखद दिन करार दिया। जानकारी के अनुसार कोविड-19 महामारी के बीच उचित योजना नहीं बना पाना राव को बाहर करने के बड़े कारणों में से एक है। बिहार के पूर्व कप्तान राव लंबे समय से बीसीसीआई के साथ काम कर रहे हैं और घरेलू क्रिकेट के संचालन की मुख्य जिम्मेदारी उनके पास थी।
अंपायरों की रिटायरमेंट उम्र बढ़ी
अंपायरों और स्कोरर की रिटायरमेंट की आयु बढ़ाकर 60 वर्ष कर दी गई। बीसीसीआई के मान्यता प्राप्त स्कोरर और अंपायर अब 55 की जगह 60 बरस की उम्र में सेवानिवृत्त होंगे।
बीसीसीआई 39 करोड़ डॉलर की कटौती को हुआ तैयार
बीसीसीआई ने फैसला किया है अगले साल विश्व टी-20 की मेजबानी के लिए अगर उसे सरकार से पूर्ण कर छूट नहीं मिलती है जैसे कि आईसीसी ने मांग की है तो वह वैश्विक संस्था से मिलने वाले 39 करोड़ डॉलर के अपने वार्षिक राजस्व से कटौती के लिए तैयार हो जाएगा।
बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली के कथित हितों के टकराव को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई।
अगले साल हो सकती महिला टेस्ट सीरीज
वहीं, एजीएम में महिला टेस्ट मैचों के आयोजन पर भी चर्चा हुई। अगले साल दो टेस्ट मैचों की सीरीज का आयोजन हो सकता है लेकिन इस संबंध में अंतिम फैसला बीसीसीआई की शीर्ष परिषद करेगी।
देश में चार और एनसीए खोले जाएंगे
इसके अलावा बीसीसीआई ने बैठक में देश में चार और राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (एनसीए) खोलने का फैसला किया है। बता दें कि अभी बंगलूरू में एनसीए है। मगर बोर्ड ने इसका विस्तार करने का निर्णय लिया है।