भारतीय टीम के पूर्व बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा ने टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज में ईशान किशन की आक्रामक बल्लेबाजी का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए ईशान टीम की जरूरत के मुताबिक योगदान दे रहे हैं। पुजारा के मुताबिक, हर मैच में बड़ी पारी खेलने के बजाय ईशान की भूमिका पावरप्ले का अधिकतम फायदा उठाने और टीम को तेज शुरुआत दिलाने की है। इसके साथ ही उन्होंने ऑलराउंडर नमन धीर की गेंदबाजी की समझ, नियंत्रण और विविधता की भी तारीफ की।
चेतेश्वर पुजारा
- फोटो : ANI
ईशान किशन से टीम को क्या चाहिए?
पुजारा का मानना है कि भारतीय टीम के शीर्ष क्रम में कई आक्रामक बल्लेबाज हैं। ऐसे में ईशान की जिम्मेदारी हर बार बड़ा स्कोर बनाने के बजाय टीम की रन गति को बनाए रखना है। उन्होंने कहा कि ईशान पावरप्ले का अच्छा इस्तेमाल कर रहे हैं और जरूरत पड़ने पर तेजी से 30-40 रन भी बना रहे हैं।
पुजारा ने जियोस्टार से कहा, 'तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए ईशान किशन भारतीय टीम को वही दे रहे हैं, जिसकी उसे जरूरत है। मुझे नहीं लगता कि आप उन्हें हर बार बड़ी पारी खेलते हुए देखेंगे, क्योंकि शीर्ष क्रम में हर खिलाड़ी आक्रामक बल्लेबाज है। उनकी भूमिका टीम को अच्छी शुरुआत देने और पावरप्ले का अधिकतम फायदा उठाने की है। इसलिए जब भी ईशान किशन बल्लेबाजी करने आते हैं, वह पावरप्ले का पूरा फायदा उठाते हैं। इसके बाद, अगर आप उनसे तेजी लाने की उम्मीद करते हैं, तो उन्होंने तेजी से 30-40 रन भी बनाए हैं।'
उन्होंने आगे कहा, 'मुझे लगता है कि यह पर्याप्त है। हो सकता है कि व्यक्तिगत उपलब्धियों के लिए आप उनसे बड़ी पारियां खेलने की उम्मीद करें, लेकिन फिलहाल वह टीम के लिए अपना काम कर रहे हैं।'
नमन धीर
- फोटो : ANI
नमन धीर की गेंदबाजी में पुजारा को क्या खास लगा?
पुजारा ने नमन धीर की गेंदबाजी की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि धीर बल्लेबाज की रणनीति को समझने, अपनी लाइन और लेंथ में बदलाव करने और अपनी योजना पर टिके रहने की क्षमता रखते हैं। पुजारा के मुताबिक, उनकी गेंदबाजी की खासियत सिर्फ विकेट लेना नहीं, बल्कि उसके पीछे की सोच भी है।
पुजारा ने कहा, 'नमन ने दिखाया है कि उनके पास शानदार नियंत्रण है और वह विकेट लेने की क्षमता रखते हैं। उन्हें पता होता है कि बल्लेबाज क्या कर रहा है और वह उसका विकेट कैसे ले सकते हैं। वह ज्यादातर गेंदें स्टंप पर रखते हैं और बल्लेबाज को बांधकर रखना चाहते हैं। पिछले मैच में उन्होंने कामिल पूरन के खिलाफ ऐसा ही किया, जब उनकी गेंदों पर तीन छक्के लगे। पहली दो गेंदों पर उनका निष्पादन अच्छा नहीं था, लेकिन वह अपनी योजना पर टिके रहे, उन्होंने अपनी लाइन में थोड़ा बदलाव किया और विकेट हासिल कर लिया।'
श्रेयस अय्यर-नमन धीर
- फोटो : IANS
गति में बदलाव और योजना पर भरोसा अहम
पुजारा ने धीर की गेंदबाजी में गति के बदलाव को भी अहम बताया। उनके अनुसार, धीर अपनी लाइन, लेंथ और गति में विविधता लाकर बल्लेबाज को चकमा देने की कोशिश करते हैं। वह अपनी ताकत को समझते हैं और उसी के मुताबिक गेंदबाजी करते हैं। उन्होंने कहा, 'यह खेल की शानदार समझ है। अगर आप उनकी गति देखें, तो टी20 प्रारूप में स्पिनर के लिए यह गति काफी धीमी है। इससे पता चलता है कि वह लगातार अपनी गति में बदलाव करते हैं, लाइन और लेंथ में विविधता से बल्लेबाज को चकमा देते हैं और एक गेंदबाज के रूप में अपनी ताकत को समझते हैं।'