पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने जसप्रीत बुमराह से अपनी तुलना पर खुलकर प्रतिक्रिया दी है। भुवनेश्वर ने कहा कि वह इस तरह की तुलना पर ज्यादा ध्यान नहीं देते और उनका पूरा फोकस मैदान पर उतरकर अच्छा प्रदर्शन करने पर रहता है। साथ ही उन्होंने 2027 वनडे विश्वकप के लिए उपलब्ध रहने को लेकर सवाल पर भी जवाब दिया।
क्या बोले भुवनेश्वर?
बुमराह के साथ तुलना किए जाने के सवाल पर भुवनेश्वर कुमार ने कहा, 'ईमानदारी से कहूं तो मेरा काम खेलना है और मैं खेल रहा हूं। मैं हमेशा अच्छा प्रदर्शन करने की कोशिश करता हूं। जब मैं प्रदर्शन करता हूं तो अच्छा लगता है और जब नहीं कर पाता हूं तो यह समझने की कोशिश करता हूं कि क्या बेहतर किया जा सकता है। मेरे लिए यही तरीका है।' भुवनेश्वर कुमार ने अगले वर्ल्ड कप में चयन को लेकर कहा, 'मेरा काम खेलना है और मैं खेल रहा हूं। आगे क्या होगा, मैं इसकी भविष्यवाणी नहीं कर सकता।'
यूपी टी20 लीग में हर साल हो रहा सुधार
यूपी टी20 लीग को लेकर भी भुवनेश्वर ने अपनी बात रखी। उन्होंने बताया कि यह टूर्नामेंट अब अपने चौथे साल में है और हर सीजन के साथ इसमें सुधार देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा, 'यह चौथा साल है और जैसा कि आप देख सकते हैं, हर साल कुछ न कुछ सुधार हुआ है। चाहे वह खिलाड़ियों की क्षमता हो, यूपीसीए की ओर से दी जाने वाली सुविधाएं हों या फिर टूर्नामेंट को आयोजित करने का तरीका हो।'
मैच में माइंडसेट सबसे ज्यादा जरूरी
भुवनेश्वर ने कहा कि टूर्नामेंट अभी शुरू नहीं हुआ है और फिलहाल टीमों के अभ्यास सत्र चल रहे हैं। मैच के लिए रणनीति और योजना बनाई जाएगी, लेकिन मैदान पर उतरते समय खिलाड़ी की मानसिकता सबसे महत्वपूर्ण होगी। उन्होंने कहा, 'टूर्नामेंट अभी शुरू नहीं हुआ है, अभ्यास सत्र चल रहे हैं। रणनीति और योजना तो होगी, लेकिन सबसे महत्वपूर्ण यह है कि आप मैच के लिए किस मानसिकता के साथ मैदान पर उतरते हैं।'