फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

विश्वकप में खेल पाएंगे रोहित-कोहली?: बीसीसीआई अध्यक्ष ने दिया चौंकाने वाला बयान! बताया- क्या होगा चयन का आधार

Wed, 21 Oct 2026 02:45 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, मुंबई

सार

बीसीसीआई अध्यक्ष मिथुन मन्हास ने कहा है कि 2027 वनडे विश्व कप के लिए रोहित शर्मा और विराट कोहली के चयन में उम्र नहीं, बल्कि फिटनेस और प्रदर्शन को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि दोनों अनुभवी खिलाड़ियों की मौजूदगी कप्तान शुभमन गिल की मदद कर सकती है। भारत की न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज पर भी नजरें रहेंगी।
विज्ञापन
मिथुन मन्हास और रोहित-कोहली - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारतीय क्रिकेट में रोहित शर्मा और विराट कोहली के भविष्य को लेकर चर्चाएं जारी हैं। ऐसे में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के अध्यक्ष मिथुन मन्हास ने 2027 वनडे विश्व कप में दोनों दिग्गजों के खेलने की संभावनाओं को लेकर अपना रुख स्पष्ट किया है। उन्होंने कहा कि टीम में चयन का आधार खिलाड़ियों की उम्र नहीं, बल्कि उनकी फिटनेस और प्रदर्शन होना चाहिए। दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में अगले साल अक्तूबर-नवंबर में होने वाले विश्व कप से पहले रोहित और विराट के प्रदर्शन पर खास नजर रहेगी। 

विज्ञापन
Trending Videos

रोहित और कोहली - फोटो : BCCI
'उम्र नहीं, फिटनेस और प्रदर्शन होगा आधार'
मन्हास ने स्पोर्टस्टार को दिए इंटरव्यू में कहा कि अगर कोई खिलाड़ी फिट है, अच्छा प्रदर्शन कर रहा है और देश के लिए मैच जीत रहा है, तो चयन के लिए यही सबसे महत्वपूर्ण मानदंड होना चाहिए। उन्होंने कहा, 'मेरे नजरिये से चयन का आधार निश्चित रूप से फिटनेस और प्रदर्शन होना चाहिए, उम्र नहीं। अगर कोई खिलाड़ी खेलने के लिए फिट है, अच्छा प्रदर्शन कर रहा है और देश के लिए मैच जीत रहा है, तो यही एकमात्र मानदंड होना चाहिए, जिस पर हमें ध्यान देना चाहिए।' रोहित और विराट पिछले 24 महीनों में टी20 अंतरराष्ट्रीय और टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं। दोनों की कोशिश एक और वनडे विश्व कप खेलने की होगी। वे 2023 में भारत की उस टीम का हिस्सा थे, जिसे फाइनल में हार का सामना करना पड़ा था।

टी20 विश्व कप ट्रॉफी के साथ कोहली और रोहित - फोटो : ANI
विश्व कप के दौरान कितनी होगी रोहित-विराट की उम्र?
रोहित शर्मा अप्रैल 2027 में 40 साल के हो जाएंगे, जबकि विराट कोहली विश्व कप के दौरान 38 वर्ष के होंगे। दोनों की उम्र को देखते हुए भारतीय टीम में बदलाव और भविष्य की योजनाओं को लेकर सवाल उठते रहे हैं। मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर के कार्यकाल में भारतीय टीम में बदलाव की प्रक्रिया शुरू हुई थी। भारत के 2024 टी20 विश्व कप जीतने के बाद रोहित, विराट और रवींद्र जडेजा ने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। इसके बाद रोहित और विराट ने 2025 में टेस्ट क्रिकेट को भी अलविदा कह दिया।

रोहित के वनडे में खराब फॉर्म के दौरान उनके संन्यास को लेकर अटकलें तेज हुई थीं। हालांकि, लॉर्ड्स में उनके शतक ने इन चर्चाओं पर कुछ हद तक विराम लगाया। दूसरी ओर, विराट कोहली वनडे क्रिकेट में लगातार रन बनाते हुए इस प्रारूप में अपनी भूमिका का आनंद ले रहे हैं।

शुभमन गिल - फोटो : ANI
शुभमन गिल को सीनियर खिलाड़ियों से मिलेगी मदद
मन्हास ने भारतीय कप्तान शुभमन गिल के विकास में रोहित और विराट जैसे अनुभवी खिलाड़ियों की भूमिका को भी अहम बताया। उन्होंने कहा कि टीम में सीनियर खिलाड़ियों की मौजूदगी गिल को कप्तानी में मदद दे सकती है। उन्होंने कहा, 'शुभमन पिछले दो-तीन वर्षों से गुजरात टाइटंस के कप्तान हैं। इसके अलावा वह भारत की भी अगुआई कर रहे हैं। मुझे लगता है कि विश्व कप अभियान शुरू करते समय उनका यह अनुभव काम आएगा। टीम में विराट, हार्दिक (पांड्या) और रोहित का होना निश्चित रूप से उनकी मदद करेगा।'

मन्हास ने आगे कहा, 'जसप्रीत बुमराह जैसे खिलाड़ी गेंदबाजी इकाई की जिम्मेदारी संभाल सकते हैं, जबकि कोई दूसरा खिलाड़ी फील्डिंग यूनिट का नेतृत्व कर सकता है। यह जिम्मेदारियां बांटने की बात है। यह देखना दिलचस्प होगा कि चीजें किस तरह आगे बढ़ती हैं। शुभमन शांत स्वभाव के खिलाड़ी हैं और मुझे लगता है कि सीनियर खिलाड़ियों का साथ उनके लिए फायदेमंद होगा।'
विज्ञापन

कोहली और रोहित - फोटो : ANI
न्यूजीलैंड दौरे पर रोहित-विराट पर रहेंगी नजरें
भारतीय टीम 22 अक्तूबर से न्यूजीलैंड के बहु-प्रारूप दौरे पर जाने वाली है। इस दौरे में पांच टी20 अंतरराष्ट्रीय, पांच वनडे और दो टेस्ट मैच खेले जाएंगे। वनडे सीरीज चार से 15 नवंबर तक होगी। 2027 विश्व कप की तैयारियों के लिहाज से यह सीरीज महत्वपूर्ण होगी। रोहित और विराट का प्रदर्शन चयन से जुड़ी चर्चाओं के केंद्र में रह सकता है। हालांकि, बीसीसीआई अध्यक्ष के बयान से स्पष्ट है कि दोनों के भविष्य का फैसला उनकी उम्र के बजाय फिटनेस और मैदान पर प्रदर्शन के आधार पर होना चाहिए।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें