पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने वेस्टइंडीज और इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली टेस्ट सीरीज के लिए टीम का ऐलान करते हुए बाबर आजम को कप्तानी सौंप दी है। बाबर ने शान मसूद की जगह ली है, जो पिछले कुछ समय से टीम की कमान संभाल रहे थे। बाबर अब 25 जुलाई से वेस्टइंडीज के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज और 19 अगस्त से इंग्लैंड के खिलाफ तीन टेस्ट मैचों की सीरीज में पाकिस्तान की अगुआई करेंगे। दोनों सीरीज आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 का हिस्सा हैं।
मसूद से क्यों छीनी गई कप्तानी?
- शान मसूद की कप्तानी में पाकिस्तान का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। टीम विश्व टेस्ट चैंपियनशिप की अंकतालिका में नौवें और अंतिम स्थान पर है।
- लगातार खराब नतीजों के बाद चयनकर्ताओं ने नेतृत्व में बदलाव का फैसला किया और अनुभवी बाबर आजम पर फिर से भरोसा जताया।
- पाकिस्तान क्रिकेट में कप्तानी को लेकर पिछले कुछ वर्षों में कई बदलाव देखने को मिले हैं। ऐसे में बाबर की वापसी को भी क्रिकेट जगत में बड़े फैसले के तौर पर देखा जा रहा है।
- शान मसूद की कप्तानी में पाकिस्तान ने 2023 से 2026 के बीच 16 टेस्ट में से केवल चार टेस्ट जीते हैं और 12 में टीम को हार का सामना करना पड़ा है।
- वहीं, बाबर का बतौर टेस्ट कप्तान रिकॉर्ड अच्छा है। उन्होंने 20 मैचों में टीम की कप्तानी की है और 10 टेस्ट जीते हैं। छह में टीम को हार का सामना करना पड़ा है। चार टेस्ट ड्रॉ रहे हैं।
शान मसूद
- फोटो : @TheRealPCB
चार नए खिलाड़ियों को मिला मौका
पाकिस्तान ने दोनों सीरीज के लिए चार अनकैप्ड खिलाड़ियों को भी टीम में शामिल किया है। इनमें बाएं हाथ के स्पिनर अली उस्मान, बल्लेबाज मोहम्मद अवैस जफर, तेज गेंदबाज उबैद शाह और विकेटकीपर-बल्लेबाज मोहम्मद गाजी घोरी शामिल हैं। इन खिलाड़ियों को पहली बार टेस्ट कैप मिलने का मौका मिल सकता है। वहीं सऊद शकील को इंग्लैंड दौरे की टीम में जगह मिली है, लेकिन उनका चयन फिटनेस पर निर्भर रहेगा।
वेस्टइंडीज और इंग्लैंड दौरे का कार्यक्रम
पाकिस्तान पहले वेस्टइंडीज दौरे पर दो टेस्ट मैच खेलेगा। पहला टेस्ट 25 से 29 जुलाई तक ब्रायन लारा क्रिकेट अकादमी, तारूबा में और दूसरा टेस्ट 2 से 6 अगस्त तक पोर्ट ऑफ स्पेन के क्वींस पार्क ओवल में होगा। इसके बाद टीम इंग्लैंड का दौरा करेगी, जहां 19 अगस्त से लीड्स में पहला टेस्ट, 27 अगस्त से लॉर्ड्स में दूसरा और 9 सितंबर से बर्मिंघम में तीसरा टेस्ट खेला जाएगा। अब सभी की नजरें इस बात पर होंगी कि बाबर आजम की कप्तानी में पाकिस्तान विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में वापसी कर पाता है या नहीं।
बाबर आजम
- फोटो : ANI
वेस्टइंडीज दौरे के लिए पाकिस्तान की टीम: बाबर आजम (कप्तान), आमिर जमाल, अब्दुल्ला फजल, अली उस्मान, अजान अवैस, इमाम-उल-हक, खुर्रम शहजाद, मोहम्मद अब्बास, मोहम्मद अली, मोहम्मद रिजवान, मोहम्मद अवैस जफर, मोहम्मद गाजी घोरी, साजिद खान, सलमान अली आगा, शान मसूद, उबैद शाह।
इंग्लैंड दौरे के लिए पाकिस्तान की टीम: बाबर आजम (कप्तान), आमिर जमाल, अब्दुल्ला फजल, अली उस्मान, अजान अवैस, इमाम-उल-हक, खुर्रम शहजाद, मोहम्मद अब्बास, मोहम्मद अली, मोहम्मद रिजवान, मोहम्मद अवैस जफर, मोहम्मद गाजी घोरी, साजिद खान, सलमान अली आगा, सऊद शकील (फिटनेस के अधीन), शान मसूद, उबैद शाह।
बाबर आजम
- फोटो : ANI
वेस्टइंडीज दौरे का शेड्यूल
| टेस्ट |
तारीख |
स्थान |
| पहला टेस्ट |
25-29 जुलाई |
तारूबा |
| दूसरा टेस्ट |
2-6 अगस्त |
पोर्ट ऑफ स्पेन |
इंग्लैंड दौरे का शेड्यूल
| टेस्ट |
तारीख |
स्थान |
| पहला टेस्ट |
19-23 अगस्त |
लीड्स |
| दूसरा टेस्ट |
27-31 अगस्त |
लॉर्ड्स |
| तीसरा टेस्ट |
9-13 सितंबर |
बर्मिंघम |